Budaun: पोल में उतरे करंट से घोड़े की मौत, पीडब्ल्यूडी व पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शुक्रवार को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला जवाहरपुरी निवासी मोतीलाल अपना घोड़ा बुग्गी लेकर अलापुर रोड पर उपले लेने जा रहे थे। जलभराव से गुजरने के दौरान एक पोल में करंट की चपेट में आने से उनका घोड़ा मर गया जबकि मोतीलाल झुलस गए।
विस्तार
बदायूं के अलापुर रोड पर मंडी समिति के नजदीक सड़क पर शुक्रवार को करंट से एक घोड़े की जान चली गई जबकि उसका मालिक बाल-बाल बच गया। लंबे समय से स्थानीय लोग इसकी शिकायत करते आ रहे थे और सड़क ठीक कराने की मांग कर रहे थे लेकिन अधिकारियों पर उसका असर नहीं पड़ा। घोड़ा मालिक ने पावर कॉरपोरेशन और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मंडी समिति के नजदीक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद रोड लंबे समय से बदहाल है लेकिन अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधि इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बारिश में तो यहां तालाब जैसा बन गया है। इधर से गुजरने वाले लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अक्सर दोपहिया वाहन सवार लोग खराब सड़क और जलभराव में गिर जाते हैं। शुक्रवार को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला जवाहरपुरी निवासी मोतीलाल अपना घोड़ा बुग्गी लेकर अलापुर रोड पर उपले लेने जा रहे थे। जलभराव से गुजरने के दौरान एक पोल में करंट की चपेट में आने से उनका घोड़ा मर गया जबकि मोतीलाल झुलस गए। यह देखकर स्थानीय लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह मोतीलाल को बचा लिया लेकिन वह घोड़े को नहीं बचा पाए।
मोतीलाल ने बताया कि यही घोड़ा उनकी रोजी रोटी चला रहा था। पीडब्ल्यूडी और पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों की अनदेखी के चलते उनके घोड़े की मौत हो गई। उन्होंने दोनों अधिकारियों के पदनाम से एफआईआर दर्ज कराई है। इस संबध में जब दोनों अधिशासी अभियंताओं को फोन करके उनसे बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
करंट आने की एक दिन पहले हुई थी शिकायत
खराब सड़क और जलभराव को लेकर स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। वे इसकी तमाम शिकायतें कर चुके हैं। शुक्रवार को यह हादसा अखिलेश मिश्रा के घर के सामने हुआ। अखिलेश मिश्रा ने भी एक दिन पहले ही पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिसकी वजह से एक बेजुबान की जान चली गई।
अलापुर रोड पर जलभराव से गुजरते समय करंट लगने से एक घोड़ा मरा है। इसमें तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। - डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी