बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव अंबियापुर में सम्राट अशोक चौक से बाबा पंडित रामचंद्र महाविद्यालय को जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से गंदगी व दूषित जलभराव से लोग परेशान हैं। रविवार को गांव के लोगों ने सड़क पर आकर प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम से शीघ्र यहां अभियान चलाकर सफाई कराए जाने की मांग की है।
गांव निवासी सोमेंद्र कुमार ने बताया कि सम्राट अशोक चौक के आसपास नाले और नालियों की नियमित सफाई नहीं कराई जाती है। इस वजह से हमेशा दूषित जल भरा रहता और बदबू आती है। उन्होंने कहा कि मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण यहां कभी भी संक्रामक रोग फैल सकते है। ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि नाले-नालियों की सफाई कराए जाने को लेकर ग्राम प्रधान को कई बार अवगत कराया है। मगर किसी ने कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव के लोगों ने नवागत डीएम से गांव में सफाई कराए जाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान अंकुर कुमार, सोमेंद्र कुमार, शरीफ, सुनील कुमार, भानु प्रताप, विपिन कुमार, राहुल कुमार, अशोक कुमार, करन, तीर्थपाल, बंटी शर्मा आदि मौजूद रहे।