Budaun: छोटे भाई की पत्नी और साली की हत्यारोपी दोनों भाई गिरफ्तार, पुलिस के सामने खोले चौंकाने वाले राज
आरोपी दोनों भाई एक बार पहले भी अपने बड़े भाई रमेश की हत्या करने की कोशिश कर चुके थे। उन्होंने बड़े भाई रमेश को पीट-पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया था। रमेश ने उनके डर से थाने में शिकायत नहीं की थी।
विस्तार
बदायूं के जरीफनगर इलाके के शेखूपुरा गांव में छोटे भाई की पत्नी व उसकी छोटी बहन की हत्या करने वाले दोनों भाई एक बार पहले भी अपने बड़े भाई रमेश की हत्या करने की कोशिश कर चुके थे। उन्होंने बड़े भाई रमेश को पीट-पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया था। रमेश ने उनके डर से थाने में शिकायत नहीं की थी। मंगलवार रात उन्होंने फिर कोशिश की, लेकिन उनके सामने ढाल बनकर लज्जावती आ गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने लज्जावती व उसकी बहन को मार डाला। फिलहाल पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार रात हत्यारोपी देशराज उर्फ जंडैल और बहोरी अपने छोटे भाई कमल सिंह की गर्भवती पत्नी लज्जावती व उसकी सात साल की बहन मंजू की हत्या करके बाइक लेकर गांव से भाग गए थे। उनकी तलाश में इंस्पेक्टर जरीफनगर मनोज कुमार और एसओजी टीम लगी थी। बताते हैं कि दोनों हत्यारोपी सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव धोबई में थे। पुलिस टीमें उनका सुराग लगाते हुए गुरुवार शाम सहसवान और जरीफनगर इलाके के बीच कटरी में पहुंच गईं और दोनों हत्यारोपियों को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक उन्होंने बताया कि शाम के समय उन्होंने अपनी-अपनी पत्नियों के साथ मारपीट की थी। इससे उनकी पत्नियां थाने जाकर उनकी शिकायत कर आईं थीं। पुलिस उन्हें थाने ले गई लेकिन देर शाम उनकी पत्नियों ने उन्हें फिर से छुड़ा लिया। जब वह घर पहुंचे तो उन्होंने दोबारा विवाद कर दिया। रमेश को मारना चाहते थे, लेकिन लज्जावती ने उसे भगा दिया, साथ ही पत्नियों को पीटने का विरोध किया था। जब लज्जावती और उसकी बहन एक ही चारपाई पर जाकर सो गईं, तो उन्होंने रात करीब साढ़े 12 बजे दोनों की हत्या कर दी। अब पुलिस दोनों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
कुल्हाड़ी से नहीं फावड़े से काटकर की थी हत्या
ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या होना बताया था, लेकिन जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके पूछताछ की तो उन्होंने फावड़े से हमला करना कबूल किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर फावड़ा बरामद कर लिया है।
दो गांव में पसरा मातम शेखूपुरा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड से दो गांव में मातम पसरा हुआ है। लज्जावती शेखूपुरा गांव की रहने वाली थी, लेकिन उसका मायका संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के मोहकमपुर गांव में था। लज्जावती के शव का उसकी ससुराल में अंतिम संस्कार किया गया। वहीं मंजू के शव को उसके गांव में दफन किया गया। दोनों गांव में मातमी माहौल है।
जरीफनगर के शेखूपुरा गांव में दोनों हत्यारोपी लज्जावती और उसकी बहन की हत्या करके सहसवान और जरीफनगर के बीच कटरी में छिपे हुए थे। दोनों को गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर आला कत्ल फावड़ा बरामद कर लिया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। -डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी