सतर्कता ही है कोरोना का उपाय
बरूकी। ग्राम स्थित स्वामी विद्यानंद इंटर कॉलेज में कोरोना वायरस पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों को कोरोना वायरस से बचाव के बारे में बताया गया। विद्यालय में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए विद्यालय के संस्थापक स्वामी विद्यानंद ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव का सबसे सही उपाय सतर्कता है। यह एक ऐसा रोग है जो संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में बहुत जल्द फैल जाता है। उन्होंने बच्चों से बताया कि इस रोग से बचाव के लिए किसी से हाथ न मिलाएं। जुकाम खांसी की समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें, मांसाहार का सेवन बिल्कुल न करें, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। समय-समय पर हाथ धोते रहें। उन्होंने बच्चों से अन्य व्यक्तियों को भी कोरोना वायरस के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संतोष कुमारी आर्य, दीपक कुमार, निरंकार सिंह, शिव रोहतास, मुनेश, जोगराज सिंह आदि उपस्थित रहे।