बिजनौर में भैंस चोरों से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार; दो बदमाश और एक आरक्षी घायल
बिजनौर के अफजलगढ़ में भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो बदमाश और एक आरक्षी घायल हुए, चोरी की भैंसें और हथियार बरामद हुए।
विस्तार
बिजनौर के अफजलगढ़ में दो दिन पहले हुई भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि आरोपियों की गोली से आरक्षी मोहित भी घायल हुआ। तीनों आरोपियों और घायल आरक्षी का सीएचसी में उपचार कराया गया। पुलिस ने मौके से चोरी की दो भैंस, पिकअप गाड़ी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं।
16 सितंबर को दर्ज हुई थी शिकायत
अफजलगढ़ नगर के मोहल्ला बेगम सराय निवासी इकरामुद्दीन पुत्र जलील अहमद ने 16 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि चोर उनके घेर का ताला तोड़कर दो भैंस चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें: विशेष: मेरठ के आसमान में दिखेगा सूर्य किरण का रोमांच, ट्रेनिंग-टीम वर्क और एयर शो की कहानी, पायलट्स की जुबानी
चेकिंग के दौरान मिली चोरी की भैंसों की सूचना
17 सितंबर को पुलिस हरेवली मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की भैंसों को पिकअप गाड़ी से ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। पुलिस को देखकर बदमाश पिकअप को बिरलाफार्म की ओर जाने वाली कच्ची चकरोड पर ले गए। कुछ दूर आगे जाकर पिकअप पेड़ से टकरा गई।
भागते समय पुलिस पर किया फायर
पुलिस के अनुसार, पिकअप के पेड़ से टकराने के बाद बदमाश भागने लगे और उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। बदमाशों की गोली से आरक्षी मोहित भी घायल हो गया। घायल बदमाशों और आरक्षी को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया।
तीनों आरोपियों के नाम सामने आए
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम साकिब पुत्र रहीस निवासी मोहल्ला सत्ती, शहजाद पुत्र शौकत निवासी वंदा थाना सिविल लाइन हरिद्वार और इरशाद पुत्र रशीद निवासी नया गांव थाना कांठ बताए। पुलिस के अनुसार, साकिब के खिलाफ रुड़की थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
दो तमंचे और चोरी की भैंसें बरामद
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो भैंस, पिकअप गाड़ी, 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। घायल बदमाशों और आरक्षी मोहित का सीएचसी में उपचार कराया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।