बिजनौर: नवागत डीएम उमेश प्रताप सिंह ने संभाला पदभार, बोले- समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता पर
नवागत जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बिजनौर में पदभार ग्रहण कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही।
विस्तार
बिजनौर के नवागत जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर बिजनौर के जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्हें पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस और कोषागार में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पदभार संभालने के बाद महात्मा विदुर सभागार में मीडिया से वार्ता करते हुए उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप काम करने और जनसमस्याओं के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण को प्राथमिकता बताया।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद संभाला पदभार
नवागत डीएम उमेश प्रताप सिंह बुधवार को बिजनौर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस और कोषागार में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने उनसे परिचय प्राप्त किया। डीएम ने कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: महिला की चुनरी से गला रेतकर हत्या, गन्ने के खेत में फेंका शव; पास में रोती मिली डेढ़ साल की मासूम
पात्र लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकताएं ही उनकी प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना प्राथमिकता रहेगी।
तहसील और थाना स्तर पर मजबूत होगी मॉनिटरिंग
डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ तहसील, विकासखंड और थाना स्तर पर मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कानून व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर जोर
डीएम ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवाओं से जुड़ी योजनाओं, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी नियमित समीक्षा पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों-कर्मचारियों से किया परिचय
इसके बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी से निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ जनहित में कार्य करने को कहा। इस दौरान सीडीओ, एडीएम न्यायिक, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम प्रशासन, वरिष्ठ कोषाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।