Bijnor: अमानगढ़ सीमा पर गुर्जर डेरों में वन विभाग की छापेमारी, वन्यजीवों की हड्डियां मिलने के बाद सतर्कता बढ़ी
कालागढ़ वन प्रभाग में अमानगढ़ से सटी सीमा पर वन विभाग ने गुर्जर डेरों में छापेमारी की। हाल ही में यूपी में वन्यजीव की हड्डियां मिलने के बाद सतर्कता बढ़ाई गई। सभी रास्तों पर चैकिंग और गश्त तेज।
विस्तार
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व से सटी कार्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा पर सोमवार को वन विभाग ने बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। कालागढ़, झिरना और ढेला रेंज के अधिकारियों व गश्ती दलों ने सुबह से ही सीमा क्षेत्र में सघन गश्त और चैकिंग की।
ढेला और झिरना रेंज के गुर्जर डेरे इस अभियान में मुख्य रूप से निशाने पर रहे। वन अधिकारियों ने डेरों में प्रवेश कर सामान की तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर डाली। यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की सीमा से सटा है, जहां दो दिन पूर्व यूपी वन विभाग ने गुर्जर डेरों से वन्यजीव की हड्डियां बरामद की थीं।
यह भी पढ़ें: Navratri 2025: इस बार 10 दिन के नवरात्र... माता की सवारी से लेकर शुभ मुहूर्त तक, एक क्लिक में जानें सबकुछ
उप प्रभागीय वनाधिकारी बिंदरपाल ने बताया कि यह छापेमारी उसी घटना के बाद सतर्कता बढ़ाने के लिए की गई। उन्होंने कहा कि गश्ती दलों को निर्देश दिए गए थे कि जनता से सौम्य व्यवहार करें और केवल संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती बरतें।
जांच में सभी डेरों पर सामान्य स्थिति मिली, हालांकि ग्रामीणों को चेतावनी दी गई कि बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। विभाग ने सभी रास्तों पर कड़ी चैकिंग जारी रखने का फैसला किया है और स्थानीय लोगों से वन्यजीव संरक्षण में सहयोग की अपील की है।