बिजनौर। एएन इंटरनेशन स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांध दिया। लोकगीतों में जमकर थिरके। इस अवसर पर बच्चों को फास्ट फूड और जंक फूड छोड़कर पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि डीएम ने हाईस्कूल टॉपर अस्मित कुमार, इंटरमीडिएट टॉपर मोहम्म्द फरहान खान, स्कूल टॉपर पूर्णिका, कलेस्टर जीतने वाली कबड्डी टीम को सम्मानित किया गया।
रविवार को विद्यालय में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम रमाकांत पांडेय और विशिष्ट अतिथि एसपी संजीव त्यागी ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। नर्सरी के बच्चों ने फिल्मी गीतों की धुनों पर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य सरजीत सिंह ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान हेल्दी फूड वर्सेज जंग फूड, स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, मस्ती की पाठशाला व देशभक्ति से ओतप्रोत नाटक-नाटिका प्रस्तुत कर जागरूक किया। इसके बाद गुजराती, पंजाबी, हरियाणवी आदि गीतों पर बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। डीएम ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। ये फूल की तरह कोमल होते हैं। इन्हें हर तरह से मजबूत बनाने के लिए हम सभी को प्रयास करने चाहिए। एसपी ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों की सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति बेहद ही मनमोहक होती है। इन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर डा. पीके. सिंह, अशोक जैन, डा. निखिल सिंह, डा. सोनल सिंह, वीणा जैन, आशीष जैन, मणि जैन आदि मौजूद रहे।