Bijnor: बीच रास्ते बिगड़ी ट्रेन चालक की तबीयत, सहायक ने दिखाई सूझबूझ…, यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाया कोटद्वार
आनंद विहार टर्मिनल से कोटद्वार जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के चालक की तबीयत रास्ते में बिगड़ गई। सहायक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को कोटद्वार स्टेशन तक सुरक्षित पहुंचाया। घटना के चलते कई पैसेंजर ट्रेनें लेट हुईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आनंद विहार टर्मिनल से कोटद्वार जा रही एक्सप्रेस ट्रेन (14089) में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ट्रेन के चालक बाबूराम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में स्नेह रोड स्टेशन के पास की है, जहां चालक को असहज महसूस हुआ। स्थिति को समझते हुए सहायक चालक ने कमान संभाली और ट्रेन को सुरक्षित कोटद्वार स्टेशन तक पहुंचा दिया। तड़के चालक को प्राथमिक उपचार दिया गया।
यह ट्रेन सामान्य रूप से नजीबाबाद स्टेशन से रात 2:55 बजे रवाना होती है, लेकिन गुरुवार को यह 3:15 बजे निकली। ट्रेन का खाली रैक सुबह 5 बजे तक वापस नजीबाबाद पहुंचना था, लेकिन चालक की तबीयत बिगड़ने के कारण इसमें देरी हुई।
यह भी पढ़ें: UP: 'पड़ोस में कैसे कर देते... वो मानने को तैयार न थी, इसलिए मारा', शिवानी का कत्ल करने वाले पिता ने बताई वजह
लक्सर से एक अन्य चालक को बुलाकर ट्रेन को दोबारा रवाना किया गया, जो करीब 11 बजे नजीबाबाद पहुंची।
घटना का असर नजीबाबाद-कोटद्वार रेलवे रूट की अन्य पैसेंजर ट्रेनों पर भी पड़ा। सुबह 8:45 पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन 46 मिनट देरी से रवाना हुई। एक और पैसेंजर ट्रेन भी विलंबित रही, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ यात्री तो ट्रेन की जगह सड़क मार्ग से कोटद्वार के लिए रवाना हो गए।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि चालक की तबीयत में अब सुधार है और घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।