नजीबाबाद। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने किसानों के नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में तहसील में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कार्यालय को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को कार्यकर्ता जुलूस के साथ तहसील पहुंचे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान अभी तक नहीं किया गया, लेकिन किसानों के नलकूपों पर मीटर लगाकर विद्युत निगम किसानों का उत्पीड़न करने में जुटा है। कार्यकर्ताओं ने तहसील में एक दिवसीय धरना देकर विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम भेजे ज्ञापन में बढ़ती महंगाई को देखते हुए आगामी पेराई सत्र में गन्ना का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों के नलकूपों से मीटर हटाने और आवारा पशुओं से नुकसान हो रही फसलों का मुआवजा किसानों को दिलाने की मांग की।
धरना प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष यशपाल सिंह, मलखान सिंह, आमेंद्र, गुरमित सिंह, तेजवीर सिंह, रोहित कुमार, संदीप सिंह, बंटी सरदार आदि मौजूद रहे।