चांदपुर। भाकियू (टिकैत) की ब्लॉक जलीलपुर के प्रांगण में हुई मासिक पंचायत में बीडीओ को ज्ञापन देकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। बैठक में गन्ने का मूल्य एक हजार रुपये क्विंटल घोषित करने की मांग की गई।
चौधरी रामपाल सिंह की अध्यक्षता व अनिल सिंह के संचालन में हुई पंचायत में खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में किसान नेताओं ने गंगा क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए तटबंध का निर्माण कराने तथा गंगा के पानी से फसलों और किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा तत्काल दिलाने की मांग की। इसके साथ ही गुलदार से किसानों की सुरक्षा के लिए जंगल क्षेत्र में व्यवस्था मजबूत करने, सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने, कृषि योग्य भूमि से गंगा एक्सप्रेसवे नहीं बनाने, गांव ककराला-भगवंतपुर में चांदपुर सिलारा के पानी से हुए जलभराव की समस्या का समाधान कराने, बढ़ती महंगाई को देखते हुए गन्ने का मूल्य एक हजार रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने, बंद पड़े सरकारी नलकूपों की नालियों को रास्ते में तब्दील करने, गांव रूकनपुर में तालाब के नाले की सफाई कराने आदि की मांग की। चौधरी लुधियान सिंह, हिमेंंद्र सिंह फौजी, शीशपाल सिंह, गजेंद्र सिंह, ब्रजपाल सिंह, महीपाल सिंह, निरवेर सिंह बडैच, जस्सी सिद्धू, मोहित सिरोही, प्रमोद कुमार, राजेंद्र सिंह,परम सिंह, उदयराज सिंह, वेदपाल सिंह, कैलाश सिंह, गजराज सिंह, राजवीर सिंह, राहुल सिंह, योगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।