Bijnor: ससुराल से लौटा तो लहूलुहान था...घर पहुंचते ही दम तोड़ा, प्रेम प्रसंग के शक में हत्या का आरोप, हंगामा
बिजनौर के हल्दौर में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बिजनौर के हल्दौर में मोहल्ला खेड़ा निवासी अजय कुमार (27) की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के परिजनों ने उसकी ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
अजय की शादी आठ वर्ष पूर्व गांव गाजीपुर थाना क्षेत्र की शिवानी के साथ हुई थी। वह पुणे में रहकर मजदूरी करता था और तीन दिन पहले ही अपने घर लौटा था। उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। सोमवार को अजय अपनी पत्नी को वापस लाने ससुराल गया, लेकिन वहां विवाद हो गया।
यह भी पढ़ें: बिजनौर में सड़क हादसा: भाकियू नेता व तीन साल की बच्ची की मौत, आठ घायल, कार के उड़े परखच्चे
परिजनों का आरोप है कि महिला का पड़ोस के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते ससुराल वालों ने अजय को पत्नी के साथ भेजने से इनकार कर दिया। मृतक की मां लीलावती का कहना है कि जब अजय ने अपनी पत्नी को साथ ले जाने की बात पर जोर दिया, तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की।
किसी तरह अजय अपने घर लौटने में कामयाब तो रहा, लेकिन उसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। बुधवार को मृतक की मां और परिजन थाने पहुंचे और पत्नी समेत ससुरालियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।