Bijnor: प्रेमिका से ईद मिलने रात में पहुंचा दूसरे गांव का युवक, परिजनों ने पकड़कर करा दिया निकाह, दोनों खुश
गांव के जंगल में परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। यहां दोनों के परिजनों की सहमित के आधार पर निकाह करा दिया गया। इसके बाद लड़की अपने ससुराल चली गई।
विस्तार
पैजनिया क्षेत्र के गांव निवासी युवती से रात में ईद मिलने पहुंचे प्रेमी को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया। पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने चेतावनी दी कि या तो शादी कर या फिर जेल जाने को तैयार रह। इसके बाद दोनों के परिजनों की सहमति से निकाह करा दिया गया। प्रेमिका खुशी-खुशी अपने प्रेमी के घर रवाना हो गई।
सोमवार रात क्षेत्र के गांव निवासी युवती से पड़ोस के गांव का युवक ईद मिलने आया था। दोनों गांव के पास जंगल में मौजूद थे। किसी तरह इसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई। ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे युवती के परिजनों ने प्रेमी युवक को पकड़ लिया। किसी ग्रामीण ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और दोनों पक्षों को चौकी ले आई। यहां युवक के परिजनों को भी बुला लिया। युवक-युवती के परिजनों की सहमति से दोनों का निकाह करा दिया गया।
प्रेमी बोला- तेरी पत्नी मेरी प्रेमिका थी, पति ने दे दिया तलाक
अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता ने बताया कि शादी से पहले उसका गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पीड़िता का कहना है कि युवक विदेश चला गया। बीती एक अप्रैल को उसका विवाह दूसरी जगह हो गया। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व प्रेमी ने उसके पति को पुराने संबंधों के बारे में बता दिया। इसके चलते पति ने उसे तलाक दे दिया।
पीड़िता का कहना है कि उसने पहले भी थाने में शिकायत दी थी। एक बार फिर से आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ राजेश सोलंकी ने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए तहरीर मिलने पर कार्रवाई कराने की बात कही है।