यूपी में नहीं थम रहीं घटनाएं: बच्चा चोरी के शक में युवक को बांधकर पीटा, पूरे गांव में घुमाया, छह गिरफ्तार
यूपी में बच्चा चोरी के शक में लगातार घटनाएं हो रहीं हैं। अब बिजनौर में एक युवक को बच्चा चोरी के शक में बांधकर पीटा गया। उसे पूरे गांव में भी घुमाया गया।
विस्तार
बिजनौर जनपद में पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी बच्चा चोर गिरोह की अफवाह फैलाने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस ने ऐसे दो मामलों में मुकदमा भी दर्ज किया है। गांव सल्लाखेड़ी में एक युवक को बांधकर पीटा गया गया और गांव में घुमाया। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया है।
शुक्रवार देर शाम स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव सल्लाखेड़ी के जंगल में एक युवक को कुछ लोगों ने बच्चा चोर गिरोह का सदस्य बताते हुए पकड़ लिया और बांध कर उसे पीटा। पूरे गांव में घुमाते हुए युवक को बच्चा चोर बताकर अफवाह फैलाई।
सूचना मिलने पर एसएसआई गंगाराम सिंह गंगवार व एसआई केपी सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को युवकों से अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने युवक को सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से उसे बिजनौर भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: हादसे से नहीं हारी फातिमा: शरीर में 194 टांके, कोमा से निकली तो पहले जैसे नहीं थे हाथ-पांव, खेल ने बदला जीवन
थानाध्यक्ष राजीव चौधरी का कहना है कि बच्चा चोर गिरोह की अफवाह फैलाने पर वीर सिंह पुत्र हरज्ञान सिंह, नृपेंद्र कुमार पुत्र जगदीश सिंह, कमलवीर पुत्र झबरे सिंह, विपिन पुत्र महेंद्र सिंह, मदनपाल सिंह पुत्र सौराज सिंह व सोनू पुत्र हेतराम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी वीर सिंह व नृपेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। थाना प्रभारी राजीव चौधरी का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।
अफवाह फैलाने में चार का चालान
बच्चा चोर गिरोह की अफवाह फैलाने के आरोप में पुराने मुकदमे में वांछित चल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। एक सप्ताह पूर्व ग्राम सदाफल के जंगल में बच्चा चोर गिरोह के सदस्य होने का मस्जिद से एलान कर गांव में अफवाह फैलाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: अव्यवस्था: शौचालय में रखा खिलाड़ियों का भोजन, नहीं मिली रोटी, अधपके चावल-सब्जी और सलाद से भरा पेट
थाना प्रभारी राजीव चौधरी का कहना है कि मोहम्मद मकसूद पुत्र समुआ व मोहम्मद यूनुस पुत्र अब्दुल अजीज निवासी ग्राम सदाफल व मेहंदी हसन पुत्र अब्दुल हमीद व इस्तियाक पुत्र शब्बीर निवासी ग्राम गोविंदपुर थाना स्योहारा को बच्चा चोर गिरोह होने की अफवाह फैलाने के आरोप में चालान कर दिया गया है।