{"_id":"5b3a76ed4f1c1bea568b466a","slug":"21530558189-bijnor-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस की बेडियो में जकडा पिता नही कर सका बेटी की विदाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस की बेडियो में जकडा पिता नही कर सका बेटी की विदाई
Updated Tue, 03 Jul 2018 12:33 AM IST
विज्ञापन
बढ़ापुर । गांव कुंजेटा में बारात की चढ़त के दौरान युवकों में हुए विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शांति भंग की आशंका में दुल्हन के पिता को ही हवालात में बंद कर दिया। इस कारण एक बाप अपनी बेटी का कन्यादान व विदाई करने से वंचित रह गया। बेटी को पिता की दुआओं के बिना ही विदा होकर ससुराल जाना पड़ा। ग्राम कुंजेटा में रविवार की देर शाम अमीचंद की बेटी रेशमा की बारात नगीना देहात के ग्राम रायपुर चुंडैली से आई थी। दूल्हा ललित कुमार घोड़ी पर बैठकर चढ़त के लिए जा रहा था। इस दौरान कुंजेटा निवासी शिवा नामक युवक की किसी बात को लेकर बारातियों से नोकझोंक हो गई। बारात में आए किसी बाराती ने शिवा को थप्पड़ जड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उस समय तो यह युवक वहां से चला गया। वर पक्ष के लोग दुल्हन को आभूषण भेंट करने जा रहे थे तो शिवा अपने चार-पांच साथियों के साथ वधू पक्ष के घर के बाहर पहुंचा व बारातियों से भिड़ गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई इससे बारातियों में भगदड़ मच गई। हमलावरों ने दूल्हे को भी पीटा। दुल्हन के पिता अमीचंद ने पुलिस को बारातियों पर हमला करने की सूचना दी। पुलिस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और बिना कुछ तहकीकात किए दुल्हन के पिता अमीचंद, दो बारातियों सहित हमलावर पक्ष के मुख्य आरोपी शिवा के पिता चंदपाल को ले जाकर हवालात में डाल दिया। इस दौरान शादी की कोई रस्म नहीं हुई थी। फेरों के दौरान कन्यादान के लिए पंडित ने दुल्हन के पिता को रस्म पूरी करने के लिए आवाज दी गई। दुल्हन के पिता को पुलिस ने हवालात में बंद कर रख था। बाद में दुल्हन के मामा ने कन्यादान की रस्म पूरी की। जब दुल्हन की विदाई का समय आया तो ग्रामीण इकट्ठे होकर थाने पहुंचे और पुलिस से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए दुल्हन के पिता को छोड़ने की गुहार लगाई ताकि वह अपनी बेटी को विदा कर सके, लेकिन पुलिस ने ग्रामीणों की एक नहीं सुनी। बेटी अपने पिता की दुआओं के बिना ही विदा हुई। सोमवार को पुलिस ने दुल्हन के पिता सहित दो बाराती व मुख्य आरोपी के पिता का शांति भंग में चालान कर दिया है।
विज्ञापन