ज्ञानपुर। जिले की मोरवा और वरुणा नदी पर लोक निर्माण विभाग 27.81 करोड़ से आठ लघु सेतु का निर्माण कराएगा। इससे 90 ग्राम पंचायतों के दो लाख से अधिक लागों को लाभ मिलेगी। भदोही-जौनपुर सीमा से सटे गांव की दूरी कम होगी। शहर और बाजार आने-जाने वालों को काफी सहूलियत मिलेगी। सांसद और विधायकों के पत्र पर लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। जिले के उत्तरी छोर पर वरुणा, मध्य में मोरवा और दक्षिणी छोर पर गंगा बहतीं है। वरुणा और मोरवा छोटी नदियां है। बारिश के सीजन को छोड़ दिया जाए तो अन्य मौसम में दोनों में पानी की मात्रा सामान्य ही रहती है, लेकिन पुल या सेतु न होने से उससे सटे गांव के लोगों को कई किमी चक्कर लगाकर गंतव्य को जाना पड़ता है। वित्तीय सत्र 2022-23 में सांसद रमेश चंद्र बिद, विधायक विपुल दूबे, दीनाथ भाष्कर और जाहिद बेग ने जनहित के मद्देनजर पत्र लोक निर्माण विभाग को दिया था। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसबी राव ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के पत्र के आधार पर आठ लघु सेतु निर्माण के लिए 27.81 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। अब स्वीकृति मिलने पर लघु सेतु का निर्माण शुरू हो जाएगा। सर्वेक्षण में निर्मित होने वाले सेतु की कुल दूरी 260 मीटर तय की गई है। उन्होंने बताया कि लघु सेतु का निर्माण होने से 90 गांव के लोगों को सहूलियत मिलेगी। साथ ही 10-15 किमी की दूरी घट जाएगी। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक मिर्जापुर-भदोही प्रांतीय खंड से औराई विधानसभा क्षेत्र में बढ़ौना नाला, उदयकरनपुर नाला, द्वारिकापुर नाला, भदोही विधानसभा क्षेत्र में वरुणा नदी पर हरिहरपुर-बहुताचकडाही, नवलपुर-बरना, रामनगर-कमासिन, अबरना-चकटेकी, विशुनपुर-उचेठा, अंतर जनपदीय मार्ग सुभाषनगर-रोही, वाराणसी-भदोही वाया गो पीगंज मार्ग पर मूंसीलाटपुर, बिरनई-धनापट्टी चयनित है।