ज्ञानपुर। परिषदीय विद्यालयों में 12 हजार 460 शिक्षक भर्ती के तहत शुक्रवार को बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में सात काउंटरों पर अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की गई। इसमें करीब 210 अभ्यर्थियों ने अपने अभिलेखों की जांच की गई। काउंसिलिंग को लेकर बीएसए कार्यालय पर पूरे दिन गहमागहमी बनी रही।
परिषदीय विद्यालयों में 12460 पदों पर चल रही शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले में निर्धारित सहायक शिक्षकों के 321 पदों में से दो चरण में 206 पदों पर तैनाती हो चुकी है। शेष बचे 115 सीटों पर नियुक्ति के लिए पूरे प्रदेश से अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग कराने की छूट दे दी गई। ऐसे में जिले के विभिन्न क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी व उनके परिजन सुबह से ही बीएसए कार्यालय पहुंचने लगे थे। सुबह 10 बजे से जिला बेसिक शिक्षाधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह के निर्देशन में ब्लाॅकवार टेबल बनाकर काउसिंलिंग शुरू की गई। सभी टेबलों पर अभ्यर्थियों के सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच की गई। खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानपुर आशीष मिश्रा, डीघ फरहा रईस, सुरियावां सुमन केसरवानी, भदोही चंद्रशेखर आजाद संग अन्य जिला समन्वयकों ने देर शाम तक चले काउंसिलिंग में 210 से अधिक अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच किया। बीएसए ने बताया कि काउंसलिंग में बेहतर मेरिट वाले अभ्यर्थियों का चयन होगा।