Bareilly: पेड़ से बांधकर युवक को बेरहमी से पीटा, छोड़ने की गुहार लगाता रहा पीड़ित, नहीं पसीजा आरोपियों का दिल
शीशगढ़ में युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को पेड़ से बांधा, फिर उसे बेरहमी से पीटा। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के कस्बा शीशगढ़ में घर से बुलाकर ले जाने के बाद आरोपियों ने युवक की पेड़ से बांधकर पिटाई की। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नामजद सहित तीन को हिरासत में लिया गया है।
शीशगढ़ के मोहल्ला बरेली बस स्टैंड निवासी शकीला बानो ने बताया कि 16 दिसंबर की देर रात कस्बे के आलम और इस्लाम उसके बेटे हसीब को जरूरी काम का बहाना बनाकर घर से बुलाकर ले गए थे। घर से ले जाने के बाद आरोपियों ने हसीब को पेड़ से बांध दिया। लाठी-डंडों और बेल्टों से पिटाई की। वह छोड़ने की गुहार लगाता रहा, मगर आरोपियों का दिल नहीं पसीजा।
आरोपियों ने जान से मारने की दी धमकी
काफी देर तक जब बेटा नहीं लौटा तो उन्होंने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद एक आरोपी ने कॉल करके बुलाया। जब वह वहां पहुंची तो देखा बेटा पेड़ से बंधा हुआ था। आरोपियों ने शिकायत न करने की बात पर सहमति जताने पर बेटे को छोड़ा। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से उन्होंने शिकायत नहीं की। मारपीट के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया था। यह वीडियो अब वायरल हो रहा है।
वीडियो मिलने के बाद वह शिकायत करने पुलिस के पास पहुंची। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेजा। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपियों का कहना है कि युवक चोरी के इरादे से घर में घुसा था। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार का कहना है कि दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।