Bareilly: एसएसपी दफ्तर के बाहर सड़क पर लेटकर महिलाओं ने किया विरोध प्रदर्शन, जानिए क्या है मामला
मारपीट के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज महिलाओं ने एसएसपी दफ्तर के बाहर सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
बरेली के संजय नगर में बुधवार रात दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना में दोनों ओर से रिपोर्ट के बावजूद पटाक्षेप नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को यादव पक्ष की महिलाओं ने एसएसपी दफ्तर के बाहर सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर जाम लगने लगा। पुलिस ने बमुश्किल समझाया, एसएसपी ने बुलाकर जांच का आश्वासन दिया तो ये लोग माने।
संजयनगर दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले राजू यादव के साथ परिवार की कई महिलाओं ने जोरदार हंगामा प्रदर्शन किया। महिलाएं सड़क पर लेट गईं। उन्होंने जमकर नारेबाजी की। सड़क से हटाकर इन्हें अंदर लाया गया। यहां महिलाओं ने एसएसपी से मुलाकात की।
राजू यादव ने बताया कि 15 नवंबर की रात उनका बेटा देव काम से जा रहा था, तभी वहां मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसकी पीठ पर चाकू मार दिया। हमले से बचने के लिए घर की तरफ भागा तो हमलावर पीछे दौड़ने लगे। मोहल्ले वालों ने विरोध किया तो आकाश राठौर और दीपक ने फायरिंग कर दी।
दूसरे पक्ष पर लगाया आरोप
आरोप है कि पुलिस से बचने के लिए आकाश ने ही अपने साथी दीपक के हाथ में गोली मार दी और उन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार रात साढ़े दस बजे करीब बाइक सवार हमलावर दोबारा उनके घर पर धावा बोलने आए। यहां उनके परिवार का कोई शख्स न मिला तो फायरिंग की जिसकी गोली बछड़े को लगी। उन्होंने सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर आकर जांच की पर रिपोर्ट फिर भी नहीं लिखी। एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया तो ये लोग लौट आए।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बछड़े को गोली मारने की जांच कराई। पता लगा कि बछड़े को गोली लगी ही नहीं है, वह बिल्कुल ठीक है। फिर परिवार की ओर से दी गई सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई जिसमें बछड़ा उछलता हुआ दिख रहा है। इसमें पता लगा कि बराबर में पटाखा छोड़ा गया होगा। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस पहले ही दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है। उन्हीं की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी। माहौल खराब करने व भ्रामक बातें करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.