महिला ने जहर खाकर दी जान: मरने से पहले पति से बोली- हम भी जीना चाहते थे जिंदगी... पर सब खत्म हो गया
Bareilly News: बरेली के किला थाना क्षेत्र में एक महिला ने आत्महत्या कर ली। उसने जहर खाया था। मरने से पहले उसके पति ने उसका वीडियो भी बनाया। जिसमें वह कह रही है कि उसके भी सपने थे। वह भी जीना चाहती थी, लेकिन अब सब खत्म हो गया।
विस्तार
बरेली के किला थाना क्षेत्र में जामा मस्जिद के पास रहने वाली महिला गीति ने शुक्रवार को जहर खाकर जान दे दी। मरने से पहले तड़पती महिला का उसके पति ने वीडियो बनाया। यह अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें गीति कह रही है कि वह भी जीना चाहती थी लेकिन सब खत्म हो गया।
32 वर्षीय गीति के पड़ोसियों ने बताया कि उसकी शादी 10 साल पहले पड़ोस के विक्की से हुई थी। पांच साल बाद उसका तलाक हो गया था। कुछ समय वह कोहाड़ापीर में फैयाज बिल्डिंग निवासी फैसल के साथ लिव इन में रही थी। चार साल पहले फैसल से उसका दूसरा निकाह हो गया।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: रिश्वत प्रकरण में फरार इंस्पेक्टर के करीबी पांच पुलिसकर्मी निलंबित, दरोगा-सिपाही लाइन हाजिर
महिला के भाई लारेव की कुछ महीने पहले शादी हुई है। बताते हैं कि लारेव काफी कर्ज में है। कर्जदार उसे परेशान कर रहे थे। भाई के साथ ही पति फैसल भी उस पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। महिला ने शुक्रवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए ले गए।
'तुमसे बहुत प्यार करती हूं'
पति फैसल ने दर्द से तड़पती महिला का वीडियो बना लिया। गीति ने पति से कहा, 'तुमसे बहुत प्यार करती हूं। तुम किसी भी चीज के लिए जिम्मेदार नहीं हो। तुमने बस एक गलती कर दी, तुमने कभी मेरी बात नहीं मानी। परिवार में किसी ने हमारी बात नहीं मानी। मेरे भी सपने थे। मैं भी जीना चाहती थी।
वीडियो में जहर से असर से गीति तड़पती दिख रही है। वह कहती है कि उसके पेट में बहुत दर्द हो रहा है। गीति की मौत की सूचना पर शनिवार को पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। उसके पति व अन्य परिजनों से जानकारी की। हालांकि दोनों पक्षों ने कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।