बरेली: पुष्पेंद्र हत्याकांड के गवाह को फिर मिली धमकी, मैसेज में लिखा- अगली तारीख पर गोली मार दूंगा
बरेली के भुता क्षेत्र में हुए पुष्पेंद्र हत्याकांड के मुख्य गवाह को फिर धमकी मिली है। उन्हें मुकदमे की अगली तारीख पर गोली मारने की बात कही गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव खरदाह निवासी पुष्पेंद्र की हत्या के मुख्य गवाह को फोन पर फिर धमकी दी गई है। पीड़ित ने धमकी देने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को साक्ष्य भी सौंपे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंकुर गंगवार ने बताया कि 2024 में हुए पुष्पेंद्र हत्याकांड का मुख्य गवाह होने के कारण उन्हें धमकाया जा रहा है। धमकी देने वाले ने उन्हें मुकदमे की अगली तारीख पर गोली मारने की बात कही। बीसलपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर भजा निवासी सोनू गंगवार ने मैसेज भेजकर धमकी दी है। बाद में आरोपी ने फोन कर बताया कि मोहम्मदपुर भजा निवासी दीवान बहादुर उनकी हत्या की साजिश रच रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: साइबर ठगों ने महिला शिक्षक का फोन किया हैक, खाते से निकाले 9.34 लाख रुपये
अंकुर को पहले भी हत्याकांड के आरोपियों से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। प्रशासन ने पिछले दिनों उन्हें सुरक्षा भी मुहैया कराई थी। इसके बावजूद जेल में बंद आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। मृतक पुष्पेंद्र के परिजनों ने बताया कि इस मुकदमे में पूरनलाल सहित सभी आरोपियों की जमानत सुप्रीम कोर्ट से भी खारिज हो चुकी है। आरोपी सजा के डर से गवाहों को धमका रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की है। प्रशासन जल्द ही उनकी अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर जब्त करने की तैयारी में है। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
गवाह और परिजनों में दहशत
लगातार मिल रही धमकियों से अंकुर गंगवार और उनके परिजन काफी सहमे हुए हैं। उन्हें डर है कि उन्हें पलायन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।