Bareilly News: एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, अलग-अलग नामों से सात जिलों में किए अपराध
बरेली में पुलिस और एसओजी की टीम ने बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश को मार गिराया। उसने साल 2024 में बिथरी चैनपुर में डकैती की थी। इसके बाद से फरार चल रहा था।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इफ्तेकार उर्फ शैतान उर्फ फौजी को ढेर कर दिया। बिलवा कृषि फॉर्म के पास हुई मुठभेड़ में एसओजी का हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इनामी बदमाश इफ्तेकार पिछले साल बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई डकैती में वांछित था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। कोर्ट से उसका गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। गोपनीय सूचना के आधार पर बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने टीम के साथ बृहस्पतिवार सुबह साढ़े चार बजे बीसलपुर चौराहे पर घेराबंदी कर दी।
उसी दौरान बीसलपुर रोड की तरफ से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो बदमाश आए। पुलिस को देखा तो फायरिंग कर वापस लालपुर चौराहा होते हुए हाईवे पर रामपुर की तरफ भागने लगे। इनका पीछा करते हुए बारादरी इंस्पेक्टर ने आसपास के थानों की टीम को सूचित किया तो इज्जतनगर इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने विलयधाम पुल के पास घेराबंदी कर दी। तब बदमाश हाईवे से यूटर्न लेकर बिलवा की तरफ पहुंचे और तिल की फसल में बाइक घुसा दी।
पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की
बाइक असंतुलित होकर गिर गई तो दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एसओजी प्रथम टीम में शामिल हेड कांस्टेबल राहुल बांह में गोली लगने से घायल हो गया। बदमाशों ने करीब 17 तो पुलिस ने 12 राउंड फायरिंग की। सुबह साढ़े पांच बजे इफ्तेकार उर्फ धूम उर्फ लड्डे उर्फ सोल्जर उर्फ लोधा उर्फ शैतान उर्फ शाकिर उर्फ रोहित सिर व सीने में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस घायल अपराधी एवं पुलिसकर्मी को सीएचसी भोजीपुरा ले गई। वहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने इफ्तेकार को मृत घोषित कर दिया। राहुल का इलाज चल रहा है।
ये सामान हुआ बरामद
इफ्तेकार के पास से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की ऑटोमेटिक पिस्टल, चैंबर में फंसा कारतूस, दो मैगजीन, .32 बोर के 17 कारतूस, 10 खोखे, 315 बोर के सात खोखे(यह तमंचा दूसरे बदमाश के पास रहा होगा), 28,300 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, बिना नंबर की बाइक, एक आधार कार्ड एवं दो हेलमेट बरामद हुए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इफ्तेकार छैमार गिरोह का बदमाश था। उसके 15 नाम व सात पते अब तक प्रकाश में आए हैं। उसका साथी कौन था, ये भी पता नहीं चल सका है। इफ्तेकार के पास मिले मोबाइल फोन से इन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे।