Pilibhit News: महापंचायत में वीएम सिंह ने भरी हुंकार, कहा- चीनी मिल रोजाना तीन करोड़ रुपये का करे भुगतान
किसान नेता वीएम सिंह ने कहा कि चीनी मिल मनमानी पर उतारू है। किसानों का लगातार शोषण हो रहा है। सरकार किसानों पर ध्यान नहीं दे रही हैं। यही वजह है कि किसानों को समय से भुगतान नहीं मिल पा रहा है।
विस्तार
पीलीभीत में किसान मजदूर संगठन की रविवार को बरखेड़ा स्थित चीनी मिल में महांपचायत हुई। इसमें किसान नेता वीएम सिंह ने किसानों की समस्याओं को लेकर हुंकार भरी। वीएम सिंह ने कहा कि किसानों की ओर सरकार का ध्यान नहीं है। उन्होंने 16 से 31 जनवरी तक प्रतिदिन तीन करोड़ रुपये भुगतान करने की मांग रखी। हालांकि चीनी मिल के यूनिट हेड राकेश यादव ने ढाई करोड़ रुपये प्रतिदिन भुगतान करने की बात कही। इस पर वीएम सिंह ने कहा कि जिस दिन ढाई करोड़ भुगतान हो, उसके दूसरे दिन साढ़े तीन करोड़ भुगतान किया जाए। हर हाल में 31 जनवरी तक 45 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया जाए।
बरखेड़ा स्थित बजाज हिंदुस्थान चीनी मिल परिसर में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना स्थल पर रविवार को किसानों की महापंचायत हुई। सुबह करीब 11.40 बजे किसान नेता वीएम सिंह ने महापंचायत में पहुंचकर किसानों की समस्याओं को लेकर हुंकार भरी। उन्होंने साफ कहा कि जब तक पिछले साल का बकाया भुगतान नहीं होता, क्रमिक अनशन चलता रहेगा। तब तक अनशन पर पांच लोग बैठेंगे।
किसान नेता बोले- सरकार नहीं दे रही किसानों पर ध्यान
किसान नेता ने कहा कि चीनी मिल मनमानी पर उतारू है। किसानों का लगातार शोषण हो रहा है। सरकार किसानों पर ध्यान नहीं दे रही हैं। यही वजह है कि किसानों को समय से भुगतान नहीं मिल पा रहा है। सरकार ने गन्ने का मूल्य तक घोषित नहीं किया। महापंचायत में सैकड़ों की संख्या में किसानों की भीड़ रही। करीब पौने एक घंटे रुकने के बाद वीएम सिंह लखीमपुर के लिए रवाना हो गए। वहां पलियाकलां में किसान महापंचायत को संबोधित किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.