पुलिस भर्ती: बरेली में दौड़ लगाते समय दो युवतियों के पैर में फ्रैक्चर, दूसरे दिन बदायूं के युवक का टूटा पैर
बरेली के पीएसी ग्राउंड में सोमवार को महिला अभ्यर्थियों की दौड़ थी। लड़कियों को ढाई किमी की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी थी। ऐसे में तेज दौड़ने के चक्कर में दो युवतियों के पैरों में फ्रैक्चर हो गया। मंगलवार को बदायूं के युवक का पैर में फ्रैक्चर हो गया।
विस्तार
बरेली में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान पीएसी मैदान में सोमवार को दौड़ लगाने पहुंचीं दो युवतियों के पैर में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तेज दौड़कर समय से टेस्ट पास करने के चक्कर में ऐसा हुआ, इनमें से एक युवती ने परीक्षा पास भी कर ली। वहीं, दूसरे दिन दौड़ के दौरान बदायूं का युवक गिर गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस भर्ती परीक्षा में प्रमाणपत्र सत्यापन का काम पुलिस लाइन में चल रहा है। जिन अभ्यर्थियों का सत्यापन हो चुका है, उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा 8वीं वाहिनी पीएसी बटालियन में चल रही है। सोमवार को पीएसी ग्राउंड में महिला वर्ग की दौड़ थी। लड़कियों को ढाई किमी की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी थी। दोपहर में यहां दौड़ते हुए कई लड़कियां लक्ष्य से पहले ही गिर पड़ीं। पांच लड़कियों को चोट लगी। इनमें से दो लड़कियों के पैर फ्रेक्चर हो गए। इनमें शाही थाना क्षेत्र की निवासी दीक्षा मौर्य और बिथरी क्षेत्र की शिवि शामिल थीं।
ये भी पढ़ें- UP: 'नशे में दरिंदा बन जाता था बड़ा भाई, पत्नी से करता था दुष्कर्म, इसलिए मार डाला'; आरोपी का कबूलनामा
दीक्षा ने तय समय में फिनिशिंग लाइन भी पार कर ली। फिर उसे अहसास हुआ कि उसका पैर फ्रेक्चर हो चुका है। वह गिर पड़ी तो महिला पुलिसकर्मी उसे व दीक्षा को उठाकर एंबुलेंस तक लाईं। दीक्षा को पहले जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया। जबकि शिवि को उसके घरवाले सीधे निजी अस्पताल ले गए।
एसएसपी बोले- किसी के झांसे में न आएं अभ्यर्थी
एसएसपी अनुराग आर्य ने पीएसी ग्राउंड के साथ ही पुलिस लाइन में व्यवस्था का जायजा लेकर अभ्यर्थियों से पूछताछ की। उनसे किसी तरह की परेशानी के बारे में पूछा। कहा कि सारी प्रक्रिया कंप्यूटराइज्ड है। यह सीधे मुख्यालय के सर्वर से जुड़े हैं, जिसमें स्थानीय स्तर पर कुछ होने की कोई गुंजाइश नहीं है।
इसलिए अगर उन लोगों को कोई प्रलोभन दे या पास कराने के बदले रुपये मांगे तो तत्काल सूचित करें। उन्होंने दोनों जगह स्टाफ की मुस्तैदी देखने के साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर मानकों की जांच की। पुलिस की ओर से नोडल अधिकारी एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान भी उनके साथ रहे।
पीएसी मैदान में पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान सोमवार को दो लड़कियां घायल हुई थीं तो मंगलवार को बदायूं के युवक का पैर टूट गया। उघैती थाने के गांव रघुनाथ पीपरी निवासी 28 वर्षीय शक्ति सिंह दौड़ते वक़्त अचानक गिरकर घायल हो गए। घटना सुबह नकटिया पीएसी ग्राउंड में हुई, वहां पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की दौड़ चल रही थी।
शक्ति सिंह दौड़ के आठवें राउंड में थे, तब अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़े। गिरने से उनके पैर में फैक्चर हो गया।ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और शक्ति सिंह को जिला अस्पताल भेजा, वहां उनका इलाज चल रहा है।