UP: 'नशे में दरिंदा बन जाता था बड़ा भाई, पत्नी से करता था दुष्कर्म, इसलिए मार डाला'; आरोपी का कबूलनामा
बदायूं जिले में एक युवक अपने छोटे भाई की पत्नी से दुष्कर्म करता था। विरोध पर छोटे भाई को पीटा था। जब बड़ा भाई अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो छोटे ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। दो फरवरी को हुई हत्या के मामले में सोमवार को खुलासा हुआ।
विस्तार
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो फरवरी की रात हुई युवक की हत्या का खुलासा हो गया। युवक की हत्या उसके छोटे भाई ने ही गला दबाकर की थी। उसने बताया कि भाई उसकी पत्नी के साथ शराब के नशे में दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर उसे पीटता था। घटना वाली रात भी वह पत्नी से शराब के नशे में जबरदस्ती कर रहा था।
एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि जरीफनगर क्षेत्र में दो फरवरी की सुबह एक युवक का शव उसके ही घर के दरवाजे पर मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई थी। युवक के बड़े भाई ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या के मामले की जांच की तो पता चला कि मृत युवक शराबी व दबंग किस्म का था। वह नशे में अक्सर महिलाओं के साथ बदसलूकी करता था। उसके खिलाफ साल 2014 में पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था।
ये भी पढ़ें- महाकुंभ के सफर में रेंग रहे वाहन: 18 घंटे में चले 165 किमी... बरेली के श्रद्धालुओं ने बताया आंखों देखा हाल
उसके दो भाई हैं। युवक अक्सर शराब के नशे में छोटे भाई की पत्नी के कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर छोटे भाई को पीटता था। यह बात गांव में सभी को पता थी। इसी आधार पर पुलिस ने मृत युवक के छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस पर उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली।
पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि दो फरवरी की रात उसका भाई शराब के नशे में घर लौटा था। उस समय वह शौच के लिए खेत पर गया था। बड़ा भाई खेत पर सिंचाई कर रहा था। इसी बीच युवक आ गया और उसकी पत्नी को अकेला पाकर पकड़ लिया। उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। इसी बीच वह घर पहुंच गया। उसने धक्का देकर भाई को जमीन पर गिरा दिया। सीने पर बैठकर उसका गला दबा दिया। इसके बाद साड़ी से गले में फंदा बनाकर घर के आंगन में खड़े नीम के पेड़ पर लटका दिया। जब वह मर गया तो उसके शव को दरवाजे के बाहर डाल दिया। आरोपी ने उसे कोई पछतावा नहीं है।
नाधा चौकी पुलिस करती कार्रवाई तो न होती हत्या
अब खुलासा होने के बाद नाधा चौकी पुलिस की लापरवाही सामने आई है। बताते हैं कि जिस युवक की हत्या की गई उससे पहले उसने मुकदमे में नामजद एक व्यक्ति के घर पर शराब पी थी। जब नशा चढ़ा तो उसने शराब पिलाने वाले की बेटी को ही पकड़ लिया। युवती के साथ बदसलूकी करते हुए हाथ और गाल पर काट लिया।
पीड़ित ने अपने साथियों के साथ युवक को पकड़कर नाधा चौकी की पुलिस को सौंप दिया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उसे चौकी से छोड़ दिया। इसके बाद युवक अपने घर पहुंचा। जहां उसने छोटे भाई की पत्नी के साथ बदसलूकी की। इसी दौरान छोटे भाई के हाथों उसकी हत्या भी हो गई।