Bareilly News: आई लव पाकिस्तान लिखने वाले तबरेज पर एक और रिपोर्ट दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
तबरेज नाम के युवक पर किशोरी के अपहरण का आरोप है। उसका एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें आई लव पाकिस्तान लिखा है। इस मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
बरेली में अपने फेसबुक पेज पर आई लव पाकिस्तान लिखने वाले इज्जतनगर के तबरेज आलम सिद्दीकी के खिलाफ पुलिस ने देश की अखंडता को खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। हरियाणा के बाद उसकी नई लोकेशन गढ़ मुक्तेश्वर में मिली है।
नगरिया परीक्षित गांव निवासी तबरेज दूसरे समुदाय की लड़की को फुसलाकर साथ ले गया था। लड़की अपने घर से जेवर और नकदी भी ले गई थी। लड़की के पिता ने इज्जतनगर थाने में तबरेज के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। पुलिस तबरेज और लड़की की तलाश कर रही थी। इस बीच तबरेज की 2022 में अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट की गई आई लव पाकिस्तान की स्क्रीनशॉट वायरल हो गई। पोस्ट को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी जताई और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें- एटीएम से निकले नकली नोट: यूपी के इस शहर से सामने आया चौंकाने वाला मामला, जांच में जुटे एसबीआई के अफसर
मीडिया सेल से मिली शिकायत का संज्ञान लेकर इज्जतनगर पुलिस ने तबरेज आलम सिद्दीकी पुत्र जान मोहम्मद के खिलाफ देश की अखंडता और एकता को खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तबरेज पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
नाटकीय ढंग से इज्जतनगर थाने पहुंची लड़की
तबरेज दूसरे समुदाय की जिस लड़की को फुसलाकर अपने साथ ले गया था। वह रविवार को अचानक इज्जतनगर थाने पहुंच गई। इसकी भनक लगते ही हिंदू संगठन के सदस्य और लड़की के परिजन भी थाने पहुंच गए।
पुलिस ने लड़की से पूरी जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक लड़की ने खुद को बालिग बताया और अपनी मर्जी से जाने की बात कही। तबरेज के बारे में उसने कोई खास जानकारी नहीं दी। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है, उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
तबरेज आलम के खिलाफ इज्जतनगर थाने में बीएनएस की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुराने कानून आईपीसी में धारा 124 ए को राजद्रोह के मामलों में लगाया जाता था। नए कानून में आईपीसी की धारा 124 ए की जगह धारा 152 बनाई गई है। धारा 152 भारत की संप्रुभता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों के लिए लगाई जाती है। सरकार ने बीएनएस से राजद्रोह शब्द को हटा लिया है।