Bareilly News: लगातार दूसरे दिन सट्टेबाजों पर पुलिस की कार्रवाई, सट्टा माफिया तन्नू के तीन गुर्गे गिरफ्तार
बरेली में पुलिस ने गंगापुर के बाद सोमवार रात जोगी नवादा के एक मकान में छापा मारा। यहां से तीन सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया गया। ये तीनों सट्टा माफिया तन्नू के गिरोह से जुड़े बताए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने लगातार दूसरे दिन सट्टेबाजों पर कार्रवाई की। इस बार जोगी नवादा के एक मकान में छापा मारकर सट्टा पकड़ा। जिला स्तरीय माफिया जगमोहन उर्फ तन्नू के गिरोह से जुड़े तीन गुर्गे गिरफ्तार किए गए।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने घोषित सट्टा माफिया और गैंगस्टर जगमोहन उर्फ तन्नू के गंगापुर स्थित किराये के मकान में रविवार रात छापा मारकर उसके गुर्गे विक्की और भीम राणा को गिरफ्तार किया था। सोमवार रात बारादरी पुलिस ने तन्नू के गुर्गों पर कार्रवाई और तेज कर दी। पुलिस ने जोगी नवादा में बच्चा जेल के पास एक मकान में सट्टा और जुआ करा रहे तीन लोगों को पकड़ा।
यह तीनों तन्नू के गुर्गे बताए जा रहे हैं। सैलानी निवासी शफीक निजामी, जोगी नवादा निवासी राजू और किला बाकरगंज निवासी जफर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने तीनों के पास से 5020 रुपये, तीन मोबाइल, तीन पेन और तीन सट्टा पर्ची वाले पैड बरामद किए हैं। बारादरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
राजू को एक दिन में 20 हजार तक का होता था फायदा
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि यह मकान राजू का है। शफीक और जफर का काम सट्टा लिखकर नंबरिंग करना है। सट्टे से जो कमाई होती थी उसे बांट दिया जाता था। राजू को कभी पांच तो किसी दिन में 20 हजार तक का फायदा होता था। गली में मुखबिर खड़े करने होते हैं जो हर दिन 200 रुपये लेते हैं। पुलिस के आते ही ये लड़के तत्काल सूचना दे देते हैं।
सट्टा माफिया तन्नू परिवार समेत भागा
पुलिस टीम ने एक दिन पहले ही सट्टा माफिया तन्नू के दो लोगों को गिरफ्तार किया था। जबकि तन्नू उसकी पत्नी ललिता और भाई अर्जुन मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोबारा से दबिश दी तो घर में ताला मिला। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी के साथ लगातार दबिश दे रही है।