पंजाब पुलिस की करतूत: बाबा कश्मीर गिरी को नशे के मामले में फंसाने पर एएसआई सस्पेंड, जांच के लिए एसआईटी गठित
पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ा संदेश देते हुए कहा गया है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान की आड़ में किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चाहे वह कोई आम नागरिक हो या फिर पुलिस विभाग का ही कोई अधिकारी या कर्मचारी।
विस्तार
पंजाब के लुधियाना स्थित खन्ना में शिवसेना हिंद के प्रधान बाबा कश्मीर गिरी को कथित तौर पर नशे के मामले में फंसाए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस गंभीर आरोप का संज्ञान लेते हुए खन्ना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई सुखदेव सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंजाब सरकार के 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद एक्शन
एसपी हरपिंदर कौर गिल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले पर तुरंत संज्ञान लिया। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम रेड करने गई थी, तो मौके पर थानेदार सुखदेव सिंह की कार्रवाई कानून के नियमों के मुताबिक सही नहीं पाई गई। इसके बाद एसएसपी खन्ना, दवार्पण अहलूवालिया के आदेशों पर एएसआई सुखदेव सिंह को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया।
एसआईटी का गठन, अन्य अधिकारियों की भूमिका की होगी जांच
यह पूछे जाने पर कि क्या इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी पर भी गाज गिरी है, एसपी हरपिंदर कौर गिल ने बताया कि एसएसपी खन्ना ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए उनकी अगुवाई में एक एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया है। यह एसआईटी हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरी साजिश में कौन-कौन पुलिसकर्मी या अधिकारी शामिल थे। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
'दोषी चाहे कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा'
पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ा संदेश देते हुए कहा गया है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान की आड़ में किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चाहे वह कोई आम नागरिक हो या फिर पुलिस विभाग का ही कोई अधिकारी या कर्मचारी, यदि कोई गलत गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा। विभाग ने साफ किया है कि मामले की पारदर्शी जांच कर सभी दोषियों को बेनकाब किया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.