{"_id":"5e56b7da8ebc3ef3a2549828","slug":"the-fear-of-making-bareilly-delhi-overnight-police-slept-peacefully-bareilly-news-bly397475760","type":"story","status":"publish","title_hn":"रात भर हुई बरेली को दिल्ली बनाने की खुराफात.. पुलिस चैन से सोती रही","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रात भर हुई बरेली को दिल्ली बनाने की खुराफात.. पुलिस चैन से सोती रही
विज्ञापन
मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
बाइक पर सवार युवकों ने रहपुरा चौधरी से नैनीताल रोड तक कई गाड़ियां तोड़ीं, चौकीदारों को पीटा और तोड़फोड़ के बाद दुकानें भी खंगाली
विज्ञापन
इलाके में दहशत के साथ तनाव के हालात, पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना तक नहीं दी
बरेली। सीएए पर माहौल गरम है, जिधर देखो उधर हालात खराब हो रहे हैं, शासन से लगातार आदेश आ रहे हैं कि माहौल बिगाड़ने वाली किसी भी घटना पर कड़ाई से एक्शन लिया जाए लेकिन बरेली पुलिस का रवैया फिर भी नहीं बदल रहा। मंगलवार रात बाइक पर सवार खुराफातियों ने इज्जतनगर और प्रेमनगर इलाके में जमकर उत्पात मचाया लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन लेना तो दूर रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। इस खुराफात के बाद इलाके में दहशत के साथ तनाव भी फैल गया है।इज्जतनगर इलाके में शहीद गेट से लेकर गांव रहपुरा चौधरी और प्रेमनगर इलाके में शास्त्रीनगर और हार्टमन पुल तक मंगलवार आधी रात से शुरू हुआ इस खुराफात का सिलसिला बुधवार सुबह करीब छह बजे तक चला। हाथ में लोहे के सब्बल लेकर बाइक पर निकले दो युवकों ने सड़क पर खड़ी तीन कारों को ही नहीं तोड़ा, दो इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में तोड़फोड़ के साथ हजारों का माल भी साफ कर दिया। इसके अलावा एक कपड़ा व्यापारी के गोदाम, एक होम्योपैथी क्लीनिक, बुटीक, रेत की टाल और किराने की दुकान में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस बीच उनकी यह खुराफात कई दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई। शहीद गेट की तरफ से आए युवक एक-एक वारदात करते हुए नैनीताल रोड तक पहुंचते नजर आ रहे हैं। सुबह इन घटनाओं का पता चला तो पूरे इलाके में दहशत के साथ तनाव भी फैल गया लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया न उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। तड़के ही खुराफात की सूचना मिलने के बाद प्रेमनगर पुलिस दोपहर बाद मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
रहपुरा चौधरी में काटी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान
रहपुरा चौधरी में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले परतापुर के अरबाज ने बताया कि देर रात सामने जनसेवा केंद्र में रुकने वाले एक युवक ने उन्हें दुकान में हलचल होने की सूचना दी। वह पहुंचे तो बदमाश भाग चुके थे। युवक ने काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवकों को देखा था, एक के हाथ में लोहे की रॉड थी। बदमाश दुकान के ताले तोड़कर तीन एलईडी टीवी और सीसीटीवी की डीवीआर के साथ कैश ले गए। घटना करीब साढ़े बारह बजे की है।
विज्ञापन
मोबाइल शॉप काटी, बाहर खड़ी कार भी तोड़ी
अरबाज की दुकान के पास जाबिर अली की मोबाइल शॉप है। उन्हें भी आसपास के लोगों से गाड़ी में तोड़फोड़ होने की सूचना मिली। वह सुबह दुकान पहुंचे क्षतिग्रस्त गाड़ी के साथ दुकान के ताले भी टूटे मिले। बदमाश उनकी दुकान से भी कई मोबाइल और कैश चुरा कर ले गए। कार के भी सभी शीशे टूटे मिले। सीसीटीवी चेक करने पर पता चला कि घटना ढाई बजे हुई। बदमाश सीसीटीवी में अलग-अलग समय पर दो बार देखे गए।
परचून की दुकान में तोड़फोड़, खोखा पलट गए
प्रेमनगर इलाके में हार्टमन पुल के पास रामलीला मैदान के सामने अशरफ खां छावनी के हाफिज की किराने की दुकान के ताले तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। हाफिज के मुताबिक बदमाशों ने काउंटर पलट दिया। दुकान में तोड़फोड़ करने के अलावा तेल से भरे पीपे भी मैदान में ले जाकर फेंक दिए। अंदर रखीं कुर्सियां भी तोड़ दीं। किराने की दुकान के पास रखा एक खोखा भी पलट दिया था।रेत की टाल के चौकीदार को पीटा, गल्ला तोड़ा
हाफिज की दुकान के आगे भाजपा नेता बंटू सिंह की रेत की टाल है। बंटू सिंह ने बताया कि सुबह चौकीदार ने उन्हें फोन कर मारपीट की जानकारी दी। उसने बाइक पर दो युवकों के आने की बात कही। हाफिज की दुकान में तोड़फोड़ के बाद वह लोग टाल पर पहुंचे। टाल का गल्ला भी तोड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर मठलक्ष्मीपुर में रहने वाले चौकीदार को पीट दिया।जिम मालिक के भाई की कार तोड़ी, हॉकर को पीटा
टाल से कुछ मीटर दूर एक घर के बाहर खड़ी इनोवा और एक वर्ना कार में भी बदमाशों ने तोड़फोड़ की। एक कार शहर के एक नामी जिम के मालिक के भाई की है। यहां बदमाशों को तोड़फोड़ करता देख वहां से गुजर रहे इलाके के ही एक हॉकर विशाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। पीटने के बाद उसकी साइकिल छीनी जिसे कुछ दूर ले जाकर फेंक दिया। विशाल के मुताबिक घटना चार से पांच बजे के बीच हुई।अलीजा मार्केट में चौकीदार पीटा, राहगीरों को धमकाया
रामलीला मैदान के पास वारदातें करने के बाद बाइक सवार बदमाश अलीजा मार्केट पहुंचे। यहां उन्होंने एक मिठाई की दुकान के बाहर बैठे एक चौकीदार को बुरी तरह पीटा। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसका विरोध किया तो उन्हें भी धमकाया और फिर हार्टमन पुल की तरफ भाग निकले।नैनीताल रोड पर होम्योपैथी क्लीनिक, बुटीक का शटर तोड़ा
नैनीताल रोड पर एक स्कूल के पास बीडीए कॉलोनी में होम्योपैथी क्लीनिक चलाने वाली डॉ. मोनिका सक्सेना ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे क्लीनिक पहुंची तो शटर टूटा मिला। उन्होंने यूपी 112 पर शिकायत की। पड़ोस के ज्योति बुटीक के ताले भी टूटे हुए थे। इज्जतनगर थाना के बैरियर वन इलाके में शहीद गेट के पास एक कपड़ा व्यापारी दिनेश कार्की के गोदाम के ताले भी टूटे मिले।ऐसा हाई अलर्ट.. छह से ज्यादा पिकेट प्वाइंट मगर कहीं नहीं मिली पुलिस
सीएए के खिलाफ दिल्ली में हुए बवाल के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूं तो यूपी में हाई अलर्ट जारी किया गया है लेकिन बाइक पर उत्पात मचाते निकले खुराफातियों ने इसकी भी पोल खोल दी। एयरफोर्स से लेकर नैनीताल रोड तक पुलिस कई जगह आमतौर पर रात भर तैनात रहती है। नैनीताल रोड पर स्कूल के चौराहे पर, हार्टमन पुल के नीचे, रामलीला मैदान के पास, शास्त्री नगर चौराहे पर, रहपुरा जागीर में परतापुर में फिर रोड नंबर एक से लेकर शहीद गेट तक कई जगह कागजों के मुताबिक पुलिस पिकेट होनी चाहिए लेकिन मंगलवार को पूरी रात हुईं ताबड़तोड़ घटनाओं के दौरान कहीं भी पुलिस का खुराफाती युवकों से सामना नहीं हुआ। इससे साबित हो गया कि पुलिस में हाई अलर्ट का क्या मतलब होता है।इज्जतनगर पुलिस से तोड़फोड़ और चोरी की सूचना मिली थी लेकिन प्रेमनगर इलाके में ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जाएगी। चीता पुलिस और पीआरवी को मूवमेंट बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। - रवींद्र कुमार, एसपी सिटी