Special Trains: टनकपुर-दौराई और लालकुआं-राजकोट के बीच चलेंगी विशेष ट्रेनें, रेलवे ने जारी की समयसारणी
पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए टनकपुर-दौराई और लालकुआं-राजकोट के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। स्पेशल ट्रेनों की समयसारणी जारी कर दी गई है।
विस्तार
रेलवे ने बृहस्पतिवार को टनकपुर-दौराई और लालकुआं-राजकोट के बीच दो जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों की समयसारणी जारी कर दी है। इन ट्रेनों का संचालन पूर्वोत्तर रेलवे करेगा। टनकपुर-दौराई-टनकपुर विशेष ट्रेन सप्ताह में तीन दिन अप-डाउन 30-30 फेरे लेगी और लालकुआं-राजकोट को सप्ताह में एक दिन अप-डाउन 11-11 फेरों के लिए चलाया जाएगा। दोनों ट्रेनों का संचालन 22 अप्रैल से शुरू हो जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए 05097 टनकपुर-दौराई समर स्पेशल को 22 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलाया जाएगा। यह ट्रेन टनकपुर से शाम 6:25 बजे चलने के बाद खटीमा, पीलीभीत होते हुए रात 8:40 बजे इज्जतनगर, 9:05 बजे बरेली सिटी, 9:25 बजे बरेली जंक्शन आएगी। यहां से चंदौसी, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, गुरुग्राम, मदार, अजमेर होते हुए अगले दिन दोपहर 1:40 बजे दौराई पहुंचेगी।
वापसी में 23 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को शाम 4:06 बजे दौराई से चलकर अगले दिन सुबह 6:25 बजे बरेली जंक्शन आएगी व 9:35 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
05045 लालकुआं-राजकोट समर स्पेशल 21 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 1:30 बजे चलने के बाद किच्छा, बहेड़ी होते हुए दोपहर 2:57 बजे बरेली सिटी, 3:09 बजे बरेली जंक्शन आएगी। यहां से 3:48 बजे बदायूं, 5:15 बजे कासगंज पहुंचेगी। यहां से हाथरस, मथुरा, भरतपुर, दौसा, जयपुर, जोधपुर, पाटन, मेहसाना होते हुए अगले दिन शाम 5:32 बजे राजकोट पहुंचेगी।
पीलीभीत में बोले अखिलेश यादव: भाजपा वाले घबराए हुए..., 14 में आए थे और 24 में चले जाएंगे; 10 बड़ी बातें
वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआं समर स्पेशल 22 अप्रैल से एक जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को रात 10:30 बजे राजकोट से चलेगी। अगले दिन रात 12:48 बजे बदायूं 1:45 बजे बरेली जंक्शन और बुधवार को तड़के 4:05 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
टनकपुर-मथुरा-टनकपुर एक्सप्रेस जल्द दौड़ेगी आगरा फोर्ट तक
सप्ताह में पांच दिन चलने वाली 05062/05061 टनकपुर-मथुरा-टनकपुर एक्सप्रेस का संचालन जल्द आगरा फोर्ट तक शुरू हो जाएगा। ट्रेन के विस्तार का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया था। स्वीकृति के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इसके बाद सप्ताह में पांच दिन के स्थान पर इस ट्रेन को टनकपुर से आगरा फोर्ट के लिए नियमित चलाने पर भी विचार किया जा रहा है।
टनकपुर, पीलीभीत, बरेली और बदायूं से आगरा के लिए कोई नियमित ट्रेन नहीं है, जबकि इस रेल रूट पर पूर्णगिरि, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, बरेली आला हजरत, बदायूं में छोटे-बड़े सरकार, सोरों सूकर क्षेत्र, श्रीकृष्ण जन्मभूमि और आगरा हैं। काफी समय से आगरा फोर्ट के संचालन की मांग की जा रही है। रेलवे सलहकार समिति में भी कई बार आगरा फोर्ट के लिए नियमित संचालन का प्रस्ताव रखा जा चुका है।
इज्जतनगर मंडल 05062/05061 टनकपुर-मथुरा-टनकपुर एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में पांच दिन करता है। इस रेल रूट पर ट्रेनों की संख्या भी सीमित है। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि टनकपुर-मथुरा एक्सप्रेस का विस्तार करते हुए आगरा फोर्ट तक संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है।