बरेली। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अगम मौर्य की अगुवाई में बृहस्पतिवार को पार्टी के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मुलाकात की। कहा- सत्ता में बैठे लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं। वे जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं होने देना चाहते हैं। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने के लिए धमका रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुुख के चुनाव की सरगर्मियां चरम पर हैं। ऐसे में सत्ता में बैठे लोगों की गुंडागर्दी से माहौल खराब हो रहा है। पूर्व सपा विधायक महिपाल सिंह यादव पर बुधवार रात हुआ हमला इसका उदाहरण है। जिले भर में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का शोषण हो रहा है। उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से इसकी जांच कराने की मांग की। इस मौके पर पूर्व मंत्री अताउर रहमान, विजयपाल सिंह, सत्येंद्र यादव, रविंद्र, मयंक शुक्ला मोंटी, भूपेंद्र कुर्मी, गौरव सक्सेना, रईस मियां अब्बासी आदि मौजूद रहे।