रुहेलखंड विश्वविद्यालय: एलएलबी और एलएलएम में प्रवेश के लिए आवेदन 20 मई से, जानिए अंतिम तिथि
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए एलएलबी और एलएलएम प्रवेश परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन 20 मई से शुरू करने की घोषणा की है। इच्छुक विद्यार्थी 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2026-27 में एलएलबी (अनुदानित महाविद्यालय) व एलएलएम (विश्वविद्यालय परिसर एवं समस्त महाविद्यालय) की प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए 20 मई से ऑनलाइन आवेदन शुरू किए जा रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
कुलसचिव हरीशचंद के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश परीक्षा की अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://mjpruadm.samarth. edu.in/index.php/notifications/index पर देख सकते हैं। आने वाले दिनों में प्रवेश तिथि घोषित की जाएगी।
गिने-चुने कॉलेजों में ही एलएलएम
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दायरे में पहले नौ जिले आते थे। तब कॉलेजों की संख्या भी ज्यादा थी। मुरादाबाद विश्वविद्यालय बनने के बाद मुरादाबाद मंडल के कॉलेज वहां से जुड़ गए। इस समय विश्वविद्यालय कैंपस और एशियन लॉ कॉलेज नवाबगंज में ही एलएलएम उपलब्ध है। एलएलबी के कॉलेजों की संख्या भी बेहद कम हो गई है।
शाहजहांपुर विश्वविद्यालय बनने के बाद एसएस कॉलेज में एलएलबी विश्वविद्यालय के दायरे से बाहर है। वर्तमान में बरेली कॉलेज, एशियन लॉ कॉलेज, पीलीभीत का हाफिज रहमत लॉ काॅलेज, आंवला के मोहन लॉ कॉलेज, बहेड़ी के जेएंडए कॉलेज, क्लासिक लॉ कॉलेज, सिल्वर लॉ कॉलेज आदि महाविद्यालयों में एलएलबी उपलब्ध है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की मुख्य एवं बैक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी शेड्यूल के अनुसार परीक्षाएं 26 मई से शुरू होकर 26 जून तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद कॉलेजों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा को सुचारु और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित कॉलेजों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और छात्रों के प्रवेश पत्र समय पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजकीय डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने परीक्षा कार्यक्रम को देखते हुए छात्र-छात्राओं को सूचित करना शुरू कर दिया है।
विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने और नियमित रूप से रिवीजन करने की सलाह दी जा रही है, ताकि वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार मुख्य परीक्षा के साथ-साथ बैक पेपर की परीक्षाएं भी इसी अवधि में कराई जाएंगी। इससे छात्रों को एक ही सत्र में सभी परीक्षा प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा। परीक्षा को लेकर छात्रों में भी तैयारी का माहौल बन गया है और पुस्तकालयों व अध्ययन केंद्रों में उनकी उपस्थिति बढ़ने लगी है।