UP: बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट बनाए गए राजेश कुमार, इस्तीफे के बाद अलंकार अग्निहोत्री हुए थे निलंबित
पीसीएस अफसर राजेश कुमार वर्मा को बरेली का सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। अलंकार अग्निहोत्री के निलंबन के बाद यह पद रिक्त हुआ था। डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट का प्रभार पीसीएस अफसर राम जनम यादव को सौंपा था।
विस्तार
शासन से जारी पीसीएस अधिकारियों की तबादला सूची में जालौन के सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को बरेली में इसी पद का दायित्व सौंपा गया है। आदेश में तत्काल प्रभाव से बरेली में पदभार ग्रहण करने के लिए कहा गया है।
पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को यूजीसी के नियमों में हुए बदलाव पर असंतोष जताते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। शासन ने इस्तीफा मंजूर नहीं किया लेकिन, निलंबन की कार्रवाई कर विभागीय जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट का प्रभार पीसीएस अफसर राम जनम यादव को सौंपा था। अब शासन ने राजेश कुमार वर्मा को बरेली का सिटी मजिस्ट्रेट बनाया है।
26 जनवरी के दिन अलंकार अग्निहोत्री ने दिया था इस्तीफा
गणतंत्र दिवस पर कलक्ट्रेट में झंडा फहराने के बाद 2019 बैच के पीसीएस अफसर अलंकार ने अपने इस्तीफा देने की बात सार्वजनिक कर दी थी। इस्तीफा भेजने के बाद अलंकार मुखर हो गए थे और यूजीसी के नए नियमों और शंकराचार्य के अपमान पर वह केंद्र-राज्य सरकार को घेरने लगे थे। फिर देर शाम डीएम से मिलने उनके आवास गए थे।
वहां से बाहर निकलने पर उन्होंने डीएम आवास में 45 मिनट तक बंधक बनाए रखे जाने का आरोप लगाया। हालांकि डीएम ने उनके आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। देर रात अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया गया था। उन्हें शामली के कलेक्टर ऑफिस से अटैच किया गया था। मामले की जांच मंडलायुक्त बरेली को सौंपी गई था।