हाफिजगंज/भंडसर। सार्वजनिक शौचालय के लिए सफाई कर्मचारी के चयन के दौरान सिपाही ने लाइन में लगने की बात कहते हुए एक अभ्यर्थी को थप्पड़ मार दिया। युवक ने भी पलटकर सिपाही को थप्पड़ रसीद कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य सिपाहियों ने अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। थाने में उससे माफी मांगने को कहा गया, लेकिन उसने इनकार कर दिया। बोला, सिपाही ने उसे बेवजह थप्पड़ मारा था, इसलिए उसने भी मार दिया, इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। बाद में पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
थाना हाफिजगंज के गांव भटपुराजागीर में सार्वजनिक शौचालय में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति के लिए बुधवार को खुली बैठक बुलाई गई थी, इसमें काफी संख्या में अभ्यर्थी प्राथमिक विद्यालय पहुंचे थे। इनमें करन सिंह भी शामिल था। करन सिंह का आरोप है कि वह अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा था तभी रिठौरा चौकी के एक सिपाही ने उसके गाल पर थप्पड़ मार दिया और धक्का देते हुए लाइन में लगने को कहा। इस पर करन सिंह ने यह कहते हुए सिपाही के तमाचा जड़ दिया कि उसने बेवजह थप्पड़ क्यों मारा। इसके बाद पुलिस करन सिंह को पकड़कर थाने ले गई। वहां उससे माफी मांगने को कहा गया, लेकिन उसने मना कर दिया। इस पर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया। इंस्पेक्टर अवनीश यादव का कहना है कि करन सिंह नशे में था।