फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Shyamganj wholesale market-market will open from 10 am to 6 am

आज सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुलेगा श्यामगंज थोक बाजार और मंडी

Thu, 16 Apr 2020 03:24 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बरेली
अमर उजाला नेटवर्क, बरेली Published by: बरेली ब्यूरो Updated Thu, 16 Apr 2020 03:24 AM IST
विज्ञापन
Shyamganj wholesale market-market will open from 10 am to 6 am
श्यामगंज अनाज मंडी में लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला

लॉकडाउन के दूसरे पड़ाव के पहले ही दिन श्यामगंज बाजार में पुलिस-प्रशासन की सारी व्यवस्थाएं धड़ाम हो गईं। केंद्र सरकार के निर्देशों के मुताबिक दूसरे लॉकडाउन का पहला हफ्ता ज्यादा सख्ती में गुजरना था लेकिन इसके उलट शहर का यह प्रमुख बाजार लॉकडाउन से मुक्त हो गया और पूरे शहर की भीड़ यहां आम दिनों की तरह खरीददारी करने उमड़ पड़ी।

विज्ञापन


हालात बिगड़ने की खबरें ऊपर तक पहुंचीं तो पुलिस और प्रशासन दोनों में हड़कंप मच गया। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे से अफसरों का श्यामगंज मंडी पहुंचना शुरू हुआ तो शाम तक नहीं रुका। पुलिस ने व्यापारी नेताओं को हड़काकर भीड़ को खदेड़ दिया। अब बृहस्पतिवार से पूरा श्यामगंज बाजार सील रहेगा और सुबह 10 से शाम छह बजे तक थोक में खरीददारी के लिए सिर्फ पूर्वी रास्ते से आवाजाही रहेगी।
विज्ञापन


श्यामगंज शहर का सबसे बड़ा किराना बाजार है लिहाजा आम दिनों में भी यहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। 22 मार्च से लॉकडाउन लागू होने के बाद श्यामगंज बाजार को जिला प्रशासन ने सुबह सात बजे से 11 बजे तक खोलने की अनुमति दी थी ताकि शहर में रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की उपलब्धता बनी रहे। व्यापारियों को हिदायत दी गई थी वे अपनी दुकानों पर खरीददारी करने आने वालों के बीच सामाजिक दूरी बनाए रखें और सिर्फ गली-मोहल्लों में दुकानें चलाने वाले थोक ग्राहकों को ही आने दें।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके बावजूद श्यामगंज के कुछ व्यापारी नेताओं ने पुलिस से सांठगांठ कर बाजार को सुबह चार बजे से सात बजे तक खुलवाना शुरू कर दिया। तीन घंटों के इस अवैध बाजार में न सिर्फ जमकर कालाबाजारी की जा रही थी बल्कि दुकानों पर भीड़ इकट्ठे होने से भी नहीं रोका जा रहा था। अराजकता की हद यह थी कि राज्य सरकार की ओर प्रतिबंध होने के बावजूद यहां गुटखा भी दो-तीन गुने दामों पर बेचा जा रहा था। 

हाल ही में यह अवैध बाजार अखबारों की सुर्खियां बनने के बाद व्यापारी नेताओं ने दूसरा पैंतरा खेला। मंगलवार को पहले उन्होंने इलाके के सीओ से बाजार को सुबह 10 से तीन बजे तक खोलने की अनुमति मांगी, इस पर सहमति भी बन गई लेकिन फिर भी ये व्यापारी नेता डीएम के पास पहुंच गए। उनके सामने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए प्रस्ताव रखा कि यदि श्यामगंज की थोक दुकानों को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुलने की अनुमति दे दी जाए तो दुकानों पर भीड़ नहीं लगेगी और लोगों की जरूरतें भी पूरी होती रहेंगी।

डीएम ने व्यापारी नेताओं के प्रस्ताव के पीछे छिपे खेल को समझे बगैर थोक खरीद-फरोख्त के लिए श्यामगंज बाजार को सुबह दस से शाम छह बजे तक खोलने की अनुमति दे दी। इसके बाद व्यापारी नेताओं ने बुधवार को पूरा श्यामगंज बाजार खुलवा दिया। थोक-रिटेल सारी दुकानें एक तरफ से खुल गईं जिसके बाद पूरा शहर यहां खरीददारी के लिए उमड़ पड़ा। देखते ही देखते लॉकडाउन पार्ट- 2 के पहले हफ्ते में प्रधानमंत्री की ज्यादा सख्ती रखने की हिदायत की धज्जियां उड़ने लगीं।

श्यामगंज के लॉकडाउन से पूरी तरह मुक्त हो जाने की सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो पूरी मशीनरी में हड़कंप मच गया। आला अफसरों के निर्देश पर दोपहर करीब 12 श्यामगंज पहुंचे एसीएम अरुणमणि त्रिपाठी और एएसपी अभिषेक वर्मा ने पहले तो व्यापारी नेताओं को तलब कर जमकर हड़काया और फिर पुलिस फोर्स को पूरे इलाके से भीड़ को बाहर निकालने के निर्देश दिए। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो दुकानों पर खरीददारी के लिए मारामारी कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। फिर भी इस कदर भीड़ मौजूद थी कि पूरे श्यामगंज को खाली कराने में पुलिस को आधे घंटे से ज्यादा वक्त लग गया।

 

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस अब सख्ती से कराएगी नियमों का पालन

श्यामगंज में लॉकडाउन फेल होने के बाद बुधवार को अफसरों को फिर मंथन करना पड़ा। शाम को पुलिस-प्रशासन के अफसरोें ने व्यापारी नेताओं को तलब किया जिनसे लंबी बातचीत के बाद तय हुआ कि श्यामगंज किराना बाजार की थोक की दुकानें अब मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सुबह 10 से शाम छह बजे तक खुलेंगी। इस दौरान यहां पर्याप्त पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगा। 

श्यामगंज बाजार की नई व्यवस्था तय करने के लिए शाम करीब सात बजे एसीएम रोहित यादव और एएसपी अभिषेक वर्मा खुद श्यामगंज पहुंचे और फिर वहीं व्यापारी नेताओं को बुलवा लिया। इस बैठक में भी पहले तो व्यापारी नेताओं को बाजार में अराजकता फैलाने के लिए आड़े हाथों लिया गया और फिर पूछा गया कि वे आखिर किस व्यवस्था के तहत काम करना चाहते हैं। अफसरों ने साफ किया कि श्यामगंज में सिर्फ थोक कारोबार होगा और व्यापारियों को लॉकडाउन के नियमों का हर हालत में पालन करना होगा वर्ना प्रशासन को सख्ती करनी पड़ेगी।

डीएम के आदेश की आड़ में खेल करने वाले व्यापारी नेता पहले ही बैकफुट पर थे, सख्ती दिखाने के बाद उनके रहे-सहे कसबल भी ढीले हो गए। उन्होंने अफसरों से कहा कि प्रशासन जैसी व्यवस्था तय करेगा, वह उसी के तहत काम करेंगे। अफसरों ने व्यापारी नेताओं से खुलने वाली दुकानों की लिस्ट भी मांगी। व्यापारी नेताओं ने उनसे जल्द लिस्ट देने का वादा किया है।इस मौके पर शोभित सक्सेना, राजेंद्र गुप्ता, दुर्गेश खटवानी, केके चंदानी, सुदेश अग्रवाल, विशाल मेहरोत्रा आदि व्यापारी नेता मौजूद थे।

 

दोपहर बाद पहुंचे डीएम-एसएसपी ने कहा- नहीं माने तो होगी और सख्ती

श्यामगंज बाजार में भीड़ उमड़ने के मामले ने इतना गंभीर रुख अख्त्यिार किया कि दोपहर करीब ढाई बजे डीएम और एसएसपी ने भी यहां पहुंचकर यह आंकलन किया कि चूक कहां हुई। दोनों अफसरों ने निर्देश दिया कि अब श्यामगंज में फ्लाईओवर की एक ही दिशा में आवाजाही होगी। इसके बाद बाजार में खुलने वाली गलियों के साथ कुतुबखाना की ओर पीलीकोठी के पास बैरीकेडिंग कर सड़क को बंद करा दिया गया। डीएम ने बताया कि अब यहां मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी करेंगे। जरूरत पड़ी तो और ज्यादा कड़ाई की जाएगी। डीएम और एसएसपी ने व्यापारियों को कड़ी हिदायत दी कि श्यामगंज में सिर्फ थोक में राशन की खरीद-फरोख्त होगी। घर के लिए जरूरत का सामान लोग गली-मोहल्लों की दुकानों से ही खरीदेंगे। डीएम यहां से डेलापीर मंडी भी पहुंचे क्योंकि वहां भी भीड़ लगने की शिकायतें मिल रही थी। डीएम ने सचिव को कड़ाई से लॉकडाउन का पालन कराने का निर्देश देते हुए यहां मार्केटिंग के दोनों क्रय केंद्रों को भी चेक किया।

व्यापारी नेता का खेल.. बर्तन की दुकानें भी खुलवा दीं, बर्तन कारोबारी पर दर्ज हुई एफआईआर

डीएम से मंगलवार को लॉकडाउन का पालन कराने का वादा कर श्यामगंज बाजार को सुबह 10 से शाम छह बजे तक खोलने की अनुमति लाने वाले व्यापारी नेताओं ने कई दुकानदारों को फंसा दिया। बुधवार को बाजार खुला तो यहां बर्तन और डिस्पोजेबल प्लेट-कप की तमाम गैरजरूरी दुकानें भी खुलवा दी गईं। दोपहर को पुलिस-प्रशासन के अफसर श्यामगंज पहुंचे तो इन दुकानदारों को जमकर हड़काया और दुकानों को तुरंत बंद करा दिया। अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने बर्तन कारोबारी को हिरासत में ले लिया। बर्तन कारोबारी ने अफसरों से कहा कि उसे तो व्यापारी नेताओं ने ही दुकान खोलने को कहा था। वह बेकसूर है। अफसरों ने उसे छुड़वा तो दिया लेकिन उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।

श्यामगंज बाजार में लगातार भीड़ लगने की जानकारी मिल रही है इसलिए वहां खास ध्यान दिया जा रहा है। भीड़ कम करने के लिए और प्लानिंग बनाई गई है, इस पर लगातार निगरानी होगी। जरूरत पड़ने पर और भी बदलाव किए जाएंगे। -नितीश कुमार, जिलाधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed