गांव में न मंदिर और न मस्जिद: 200 गज जमीन पर टिनशेड डालकर अदा की नमाज, रिपोर्ट दर्ज; चार लोग गिरफ्तार
बरेली जिले के बहेड़ी में काफी दिनों से गांव के प्रधान के इशारे पर ग्रामीण गुपचुप तरीके से नमाज अदा कर रहे थे। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने ड्रोन से इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद शिकायत कर दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल रोड से सटे गांव जाम सावंत शुमाली में शुक्रवार को 200 वर्गगज जमीन पर टिन शेड डालकर प्रशासन की अनुमति के बिना सामूहिक नमाज अदा की गई। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो डालकर शिकायत की। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने गांव के प्रधान समेत सात नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
हिंदू जागरण मंच के हिमांशु पटेल ने एक्स पर ड्रोन कैमरे से बनाया वीडियो पोस्ट किया। इसमें चहारदीवारी पर टिन शेड डालकर गांव के कुछ लोग नमाज अदा करते दिख रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि गांव में न कोई मंदिर है, न ही मस्जिद।
गांव में 38 प्रतिशत हिंदू और 62 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है। वहां कदीर अहमद का 200 वर्गगज का भूखंड है, जिसकी चहारदीवारी बनवाकर टिन शेड डाला गया था। गांव के प्रधान के इशारे पर ग्रामीण काफी दिन से इसमें गुपचुप तरीके से नमाज अदा कर रहे थे।
इन पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने ग्राम प्रधान आरिफ, कदीर अहमद, मुजम्मिल, मोहम्मद आरिफ, अकील अहमद, छोटे, मोहम्मद शाहिद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ अनुमति के बिना सामूहिक नमाज अदा करने, अवैध रूप से मस्जिद बनाने का मामला दर्ज किया है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को भेजा गया था। कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उस स्थान को सील कर दिया गया है।