बरेली में भाईचारे की मिसाल: तफसीर अहमद ने कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत, बुलडोजर पर चढ़कर बरसाए फूल
ईसापुर के निकट प्रधान तफसीर अहमद ने कांवड़ियों के स्वागत का कार्यक्रम रखा। मुख्य अतिथि के तौर पर ब्लाक प्रमुख योगेश पटेल को बुलाया गया। ब्लॉक प्रमुख और प्रधान तफसीर ने फूल बरसाकर कांवड़ियों का स्वागत किया।
विस्तार
बरेली में जहां कुछ खुराफाती अपनी हरकतों से माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर चुके हैं, वहीं अमन पंसद लोग भाईचारे की मिसाल कर रहे हैं। भोजीपुरा में कछला जल लेकर लौटे गांव ईसापुर के कांवड़ियों पर ब्लाक प्रमुख योगेश पटेल और प्रधान तफसीर अहमद ने बुलडोजर पर चढ़कर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। कांवड़ियों को मालाएं पहना कर मिठाई भेंट की गई।
गांव ईसापुर के कांवड़ियों का जत्था रविवार को कछला गंगा घाट से जल लेकर लौटा। ईसापुर के निकट प्रधान तफसीर अहमद ने कांवड़ियों के स्वागत का कार्यक्रम रखा था। मुख्य अतिथि के तौर पर ब्लाक प्रमुख योगेश पटेल को बुलाया गया।
महंत-उप महंत को पहनाईं मालाएं
ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल व प्रधान तफसीर अहमद ने कांवड़ यात्रा के जत्थे में शामिल महंत व उप महंत को फूल मालाएं पहनाई और मिठाई के डिब्बे भेंट किए। इसके बुलडोजर पर चढ़कर योगेश पटेल, प्रधान तफसीर अहमद, चंद्रपाल, मान सिंह सागर, राकेश कुमार गंगवार ने जत्थे पुष्प वर्षा की।
ब्लॉक प्रमुख योगेश पटेल ने कहा कि ईसापुर गांव से अन्य स्थानों लोग सीख लें। यहां वाकई गंगाजमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली है। प्रधान तफसीर अहमद ने कहा कि भाईचारे से देश और समाज की तरक्की संभव है। सभी को मिलजुल कर रहना चाहिए।