Business: बाजार को मिला मां का आशीर्वाद.... दिवाली तक होगी धनवर्षा, बरेली में वाहनों की बंपर बुकिंग
बरेली में नवरात्र के दौरान करवाचौथ, धनतेरस, दिवाली पर डिलीवरी के लिए वाहनों और गहनों की जमकर बुकिंग हुई है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी मांग बढ़ी है। कारोबारियों को दिवाली तक बाजार पर जमकर धनवर्षा होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शारदीय नवरात्र में बाजार को मां का आशीर्वाद मिला। बरेली में संभावनाओं से बेहतर कारोबार हुआ। सराफा, ऑटोमोबाइल्स, प्रॉपर्टी की खरीदारी और बुकिंग भी जमकर हुई। अब करवाचौथ, धनतेरस, दिवाली तक बाजार पर धनवर्षा होने का अनुमान है। इसके बाद सहालग में भी बाजार कुलांचे भरेगा। इस बार बीते तीन वर्ष का रिकॉर्ड टूटने का अनुमान है।
नवरात्र में ही खरीदारों के खुले बटुए देखकर कारोबारियों ने अनुमान लगा लिया है कि आने वाले दिन कारोबार के लिहाज से काफी बेहतर होंगे। वर्ष 2021 में नवरात्र से दिवाली तक करीब तीन सौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। उस दौरान कोरोना महामारी का दौर था।
जरूरत की चीजें भी लोग काफी सोच-विचार के बाद खरीद रहे थे। वर्ष 2022 में कोरोना की तीसरी लहर आई, पर प्रभावी नहीं रही। लोग बाजार में निकले। कारोबार दोगुना करीब 600 करोड़ रहा। वर्ष 2023 में कारोबार एक हजार करोड़ तक पहुंचा। अब सब सामान्य है, तो इसबार सारे रिकॉर्ड टूटने का अनुमान है।
नवरात्र के अंतिम दिन जमकर हुई वाहनों की बुकिंग
ऑटोमोबाइल्स कारोबारी सचिन भसीन के मुताबिक नवरात्र में जिस तादाद में वाहनों की डिलीवरी हुई, उससे कहीं ज्यादा बुकिंग हुई है। उनके पास ही करीब डेढ़ सौ कारों की बुकिंग हुई है। कमोबेश यही स्थिति अन्य कार कारोबारियों के पास भी है। उन्होंने बीते वर्ष की बिक्री का रिकॉर्ड टूटने का अनुमान जताया है। कंपनियों ने आकर्षक ऑफर्स भी दे रखे हैं।
एक डीलर पर हजार बाइक की डिलीवरी का अनुमान
बाइक कारोबारी अमन खंडेलवाल के मुताबिक नवरात्र से ही बाजार का रुख कारोबारियों के पक्ष में दिख रहा है। बताया कि आगामी त्योहारों पर मांग को देखते हुए करीब चार हजार बाइकों का स्टॉक मंगा लिया गया है। वहीं, बाइक कारोबारी निमित के मुताबिक अबकी बार स्टैंडर्ड बाइक, स्कूटर आदि पर भी एक्सचेंज, डिस्काउंट और कूपन के ऑफर्स कपंनियों ने दिए।
सराफा बाजार की चमक भी रही बरकरार
सराफा कारोबारी सुरेंद्र रस्तोगी के मुताबिक आमतौर पर धनतेरस और करवाचौथ पर ही गहनों की बिक्री होती है, पर इस बार नवरात्र पर सोने-चांदी की कीमतें बढ़ी तो ग्राहकों की कतार भी बढ़ गई। सराफा कारोबारी दिनेश अग्रवाल के मुताबिक सोने-चांदी की कीमतों में कमी आने की उम्मीद कम है। इसलिए सराफा बाजार भी दमका।
बाजार में पहुंचने लगे किसान
व्यापारी सुरक्षा फोरम के महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के मुताबिक बीते दिनों बाजार में सुस्ती की वजह पितृपक्ष के अलावा फसलों की कटान में देरी रही। अच्छी बारिश से सिंचाई का खर्च घटा। पैदावार भी अच्छी हुई। अब फसलें कटने लगी हैं। किसान भी बाजार में पहुंचने लगे हैं। इससे इस वर्ष बेहतर कारोबार के संकेत मिल रहे हैं। इसे देखते हुए कारोबारियों ने स्टॉक भी मंगा लिए हैं।
एक हजार गृह प्रवेश की उम्मीद
उप्र दस्तावेज लेखक एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष वेद प्रकाश मिश्रा के मुताबिक नवरात्र में ही ज्यादातर लोग गृह प्रवेश या खरीदारी करते हैं। लिहाजा, नवरात्र के दौरान सोमवार और बुधवार को बरेली सदर रजिस्ट्री कार्यालय के दो रजिस्ट्रार पर करीब तीन-तीन सौ बैनामे हुए। शेष दिन सौ से डेढ़ सौ के बीच बैनामे हुए हैं। उन्होंने एक हजार से अधिक गृह प्रवेश होने की उम्मीद जताई है।
वाहन और गहनों की हुई बुकिंग
उप्र उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष की शुरुआत में सहालग के दिन कम रहे। अब नवंबर में देवउठनी एकादशी के साथ वैवाहिक आयोजन शुरू होंगे। इधर, सोने की कीमतें बढ़ रही हैं। इसको देखते हुए लोगों ने बुकिंग करा ली है। वाहनों पर मिल रहे बंपर ऑफर्स कहीं खत्म न हो जाएं, इसलिए इस ट्रेड में भी उछाल रहा।
करवाचौथ पर कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, गहनों पर होगा खर्च
कपड़ा कारोबारी नरेंद्र गुप्ता के मुताबिक करवाचौथ पर सर्वाधिक साड़ियों की बिक्री होती है। इसलिए बनारसी, रेशमी, जरी, चिकन आदि की साड़ियाें का स्टॉक मंगा लिया है। बटलर प्लाजा के कारोबारी नीलेश के मुताबिक करवाचौथ पर इलेक्ट्रॉनिक्स का बाजार भी उछाल पर आएगा। बतौर तोहफा मोबाइल फोन देने का क्रेज है। इसके अलावा गोल्ड रिंग, ईयररिंग, नेकलेस, चेन आदि की भी बिक्री अच्छी रहेगी।
धनतेरस और दिवाली पर रोशन होगा बाजार
कारोरियों के मुताबिक मान्यतानुसार धनतेरस पर सोने, चांदी और बर्तनों का कारोबार सर्वाधिक होता है। अन्य सेक्टर सामान्य रहते हैं, पर दिवाली के लिए अभी से ही बुकिंग का दौर जारी है। इसमें ज्वैलरी के साथ फर्नीचर, पेंट, निर्माण सामग्री, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, किराना, दीये, आतिशबाजी, डीजे, बैंड व अन्य सभी सेक्टर झूम उठेंगे। इसी उम्मीद के साथ कारोबारी भी तैयार हो चुके हैं।