Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   Huge crowds turn out for last rites of martyred Ankush

बलिदानी अंकुश की अंतिम यात्रा: बलिदान को सलाम करने को उमड़ा जनसैलाब, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

Mon, 23 Nov 2026 03:31 PM IST
Akash Dubey अमर उजाला नेटवर्क, बदायूं
अमर उजाला नेटवर्क, बदायूं Published by: Akash Dubey Updated Mon, 23 Nov 2026 03:31 PM IST
सार

हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान टैंक हादसे में नायक अंकुश बलिदान हो गए थे। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव आमगांव पहुंचा। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

विज्ञापन
Huge crowds turn out for last rites of martyred Ankush
बलिदानी अंकुश की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव आमगांव निवासी सेना के नायक अंकुश का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह बदायूं पहुंचा। इसके बाद दातागंज तिराहे स्थित डिपॉल स्कूल से फूलों से सजे सैन्य वाहन में रखकर अंतिम यात्रा शुरू हुई। करीब पांच किलोमीटर तक चली यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। रास्ते भर भारत माता की जय और अंकुश अमर रहें के नारे गूंजते रहे। हरियाणा के हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान हुए हादसे में उनकी जान चली गई। 

विज्ञापन


सोमवार को जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव आमगांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मां बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ पड़ीं, पत्नी पूजा रोते-रोते बेसुध हो गईं और पिता आदेश कुमार अपने आंसू नहीं रोक सके। जिस बेटे को देश सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देनी पड़ी। लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।

विज्ञापन
Trending Videos

शहर विधायक महेश चंद गुप्ता, डीएम अवनीश राय, एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान चार थानों की पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। बता दें कि हिसार में सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से नायक अंकुश की जान चली गई, वह सेना की टू गार्ड रेजिमेंट में तैनात थे।शनिवार दोपहर बच्चों से आखिरी बार बातचीत हुई थी, रविवार को घर आने की बात कही थी। 

विज्ञापन

मां बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ीं, पत्नी हुईं बेसुध
सोमवार को अंकुश का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। तिरंगे में लिपटे बेटे को देखकर मां अपने आंसू नहीं रोक सकीं। वह बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ पड़ीं। पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह बेसुध हो गईं। पिता आदेश कुमार ने भी बेटे को अंतिम विदाई देते समय अपना दर्द छिपाने की कोशिश की। भाई विनीत और अन्य परिजन परिवार को संभालते रहे। गांव के लोगों के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

विज्ञापन

पिता की कमी जिंदगीभर महसूस करेंगे नंदिनी और हर्ष
अंकुश अपने पीछे पत्नी पूजा, 11 वर्षीय बेटी नंदिनी और सात वर्षीय बेटे हर्ष को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। जिस उम्र में बच्चों को पिता का साथ, प्यार और मार्गदर्शन सबसे ज्यादा चाहिए, उस उम्र में उन्हें पिता की यादों के सहारे जिंदगी बितानी होगी। ककोड़ा मेला घूमने की अधूरी ख्वाहिश और पिता से हुई आखिरी बातचीत शायद उनके जेहन में लंबे समय तक बनी रहेगी। देश की रक्षा के लिए अंकुश ने सर्वोच्च बलिदान दिया, लेकिन उनके परिवार के लिए यह ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।

पिता की राह देखते रह गए नंदिनी और हर्ष 
जिस पिता के कंधों पर बैठकर बच्चे ककोड़ा मेले की सैर करने का सपना देख रहे थे, उसी पिता के घर लौटने का इंतजार हमेशा के लिए अधूरा रह गया। शनिवार दोपहर तक बच्चों से फोन पर बात कर रविवार को घर आने का वादा करने वाले सेना के नायक अंकुश कुमार अब कभी नहीं लौटेंगे। गांव आमगांव निवासी नायक अंकुश कुमार सेना की टू गार्ड रेजिमेंट में तैनात थे। 21 नवंबर को हरियाणा के हिसार जिले में तोशाम रोड स्थित भोजराज गांव के पास सेना का युद्धाभ्यास चल रहा था। इसमें करीब 32 टैंक शामिल थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैंकों की एक साथ आवाजाही से धूल का घना गुबार उठने के कारण दृश्यता कम हो गई। इसी दौरान एक टैंक की चपेट में आने से अंकुश और शामली जिले के लांस नायक मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

आखिरी बातचीत में बच्चों से किया था घर आने का वादा
अंकुश के बलिदान होने की खबर ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी। पिता आदेश कुमार के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब दो बजे अंकुश ने फोन पर बच्चों से बातचीत की थी। उन्होंने रविवार को छुट्टी पर घर आने की बात कही थी। घर में उनके आने का इंतजार हो रहा था। पत्नी पूजा और बच्चे नंदिनी व हर्ष उनके साथ समय बिताने को उत्साहित थे। परिवार ने ककोड़ा मेले में घूमने की योजना भी बनाई थी। बच्चों की इच्छा थी कि पिता उन्हें अपने कंधों पर बैठाकर मेला दिखाएं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि पिता के लौटने का इंतजार अब कभी खत्म नहीं होगा। आखिरी बातचीत अब परिवार के लिए जिंदगीभर की याद बन गई है।

16 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे अंकुश
अंकुश कुमार पटेल ने वर्ष 2010 में सेना में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी। उनके पिता आदेश कुमार सिंह भी सेना में नायक पद से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में सैन्य सेवा की परंपरा रही है। चाचा घनेंद्र सिंह और ताऊ के बेटे अमित कुमार भी सेना में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अंकुश के छोटे भाई विनीत नौकरी करते हैं। अंकुश के बलिदान से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed