Trains: नहीं सुधर रही ट्रेनों की चाल, आज का टिकट लेकर कल तक करिए इंतजार
पंजाब में हो रहे किसान आंदोलन का असर रेल यातायात पर पड़ रहा है। कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। टिकट आज का है, लेकिन ट्रेन अगले दिन आ रही है।
विस्तार
पंजाब में किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों का संचालन बेपटरी है। पंजाब, जम्मू की ओर आने-जाने वाली ट्रेनें यात्रियों को 15-15 घंटे तक इंतजार करा रही हैं। हालात यह है कि यात्री के पास टिकट आज का होगा तो ट्रेन अगले दिन आएगी। इस कारण बड़ी संख्या में यात्री यात्रा भी टाल रहे हैं।
शनिवार को 12429 मोरध्वज सुपरफास्ट सात घंटे की देरी से बरेली आई। 18104 अमृतसर-टाटानगर एक्सप्रेस को शुक्रवार रात 10:50 बजे बरेली आना था, लेकिन यह ट्रेन शनिवार सुबह 7:21 बजे पहुंची। 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस 15 घंटे, 15005 राप्ती गंगा एक्सप्रेस पांच घंटे, 14649 सरयू-यमुना एक्सप्रेस नौ घंटे, 05050 अमृतसर-छपरा विशेष ट्रेन आठ घंटे की देरी से आईं।
04670 श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा-गुवाहटी विशेष ट्रेन नौ घंटे, 13006 अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस तीन घंटे, 14650 सरयू यमुना एक्सप्रेस चार घंटे, 04517 गोरखपुर-चंडीगढ़ विशेष ट्रेन सात घंटे, 04311 हावड़ा-देहरादून विशेष ट्रेन 11 घंटे देरी से बरेली आईं।
बर्बरता की हदें पार: लिव इन पार्टर से इतनी नफरत... कत्ल के बाद ताबड़तोड़ वार कर बिगाड़ा चेहरा, आंखें तक निकाली
आंदोलन के कारण बरेली से अमृतसर, बठिंडा, जालंधर, अंबाला, चंडीगढ़, पठानकोट, जम्मू की ओर जाने वाली ट्रेनों में टिकटों की बिक्री कम हो गई है। इधर, शनिवार को 12 और रविवार को 10 ट्रेनों को रूट बदल कर चलाया जाएगा। नियमित और विशेष ट्रेनों का रूट बदलने के कारण दोनों प्रकार की ट्रेनों की समय सारणी प्रभावित हो रही है। हालांकि, पंजाब और जम्मू के अलावा अन्य दिशाओं की ट्रेनों के संचालन में ज्यादा लेटलतीफी नहीं हो रही है।
अवध-असम कमाई में अव्वल
डिब्रूगढ़ से लालगढ़ के बीच चलने वाली 15909/15910 अवध-असम एक्सप्रेस कमाई के मामले में अव्वल है। इज्जतनगर मंडल की 15013 जैसलमेर-रामनगर एक्सप्रेस भी इस सूची में 15वें स्थान पर है।
ऑक्यूपेंसी के मामले में बाघ एक्सप्रेस शीर्ष पर बनी हुई है। इसके बाद भी रेलवे इन ट्रेनों में यात्रियों को सुविधाएं देने के मामले में फिसड्डी साबित हो रहा है। बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनों में गर्मी के सीजन में पानी खत्म होने, एसी खराब होने की शिकायतें आम हैं। बाघ एक्सप्रेस में अब तक एलएचबी कोच भी नहीं लग सके हैं। जर्जर रैक के सहारे इसका संचालन किया जा रहा है।
रेलवे ने हाल ही में सर्वाधिक कमाई व ऑक्यूपेंसी वाली 25 ट्रेनों की सूची जारी की है। उत्तर रेलवे की असम-अवध एक्सप्रेस और इज्जतनगर मंडल की जैसलमेर-रामनगर एक्सप्रेस व बाघ एक्सप्रेस इसमें शामिल हैं। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि हर वर्ष यह सूची जारी होती है। इस बार इसमें उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे की आठ ट्रेनों को स्थान मिला है।