बरेली: शराब पीकर घर आए युवक की मौत, परिजनों ने लगाया जहर देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में शराब पीकर आए युवक की मौत हो गई। परिजनों ने एक युवक पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के शाही थाना क्षेत्र के गांव बंशीपुर में सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया। पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक गांव बंशीपुर निवासी दिनेश कुमार ने सोमवार को गांव स्थित ठेके पर शराब पी थी। इसके बाद वह घर पहुंचकर कमरे में जाकर लेट गया। रात करीब आठ बजे उसकी पत्नी ममता खाना देने के लिए कमरे में गई। काफी प्रयास के बाद भी दिनेश नहीं उठा तो उसने परिजनों को जानकारी दी। परिजन कमरे में पहुंचे तो दिनेश मृत अवस्था में मिला।
परिजनों ने शाही थाना पुलिस को सूचना देकर गांव के एक युवक पर शराब में जहर मिलाकर दिनेश की हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दिनेश कुमार पांच भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर का था। उसके बड़े भाई मंगलीराम की वर्ष 2014 में बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी। दिनेश की मौत के बाद तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधिक मात्रा में शराब पीने की मौत
थानाध्यक्ष शाही देवेंद्र विश्नोई ने बताया कि युवक सुबह से ही गांव स्थित ठेके पर शराब पी रहा था। प्रथम दृष्टया अधिक शराब के सेवन से मौत होना प्रतीत हो रहा है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।