फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Jam Chakravyuh: Some pits are difficult to overcome through illegal occupation

जाम का चक्रव्यूह: कहीं गड्ढों तो कहीं अवैध कब्जों से पार पाना मुश्किल

Sat, 13 Feb 2021 12:04 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Sat, 13 Feb 2021 12:04 AM IST
विज्ञापन
Jam Chakravyuh: Some pits are difficult to overcome through illegal occupation
चौकी चौराहे पर लगा जाम। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

लगातार बिगड़ रही है यातायात की हालत, शहर के अंदर ही नहीं बाहर जाने वाले रास्तों पर भी फंस रहे हैं वाहन

विज्ञापन
बरेली। ट्रैफिक के लिहाज से शहर की हालत सुधरने के बजाय और खराब होती जा रही है। पहले ही ऐसा कोई रास्ता नहीं बचा था जो जाम से मुक्त हो, अब कुछ और सड़कें बंद होने के बाद जाम का संकट और भीषण हो गया है। शुक्रवार को भी शहर के अंदर से लेकर बाहर जाने वाली सड़कों पर भी जाम लगा रहा। लाल फाटक क्रॉसिंग पर बगैर किसी वजह के लोग जाम से जूझे तो चौकी चौराहे से प्रभा टॉकीज की ओर जाने वाली जिस सड़क को हाल ही में खोदाई के बाद खोला गया था, उसके धंसने से एक बार फिर उस पर ट्रैफिक बंद हो गया।

लालफाटक क्रॉसिंग पर रेलवे का काम शुरू होने के बाद फिर बढ़ा जाम

बरेली। लालफाटक रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे के काम शुरू करने के बाद जाम की दिक्कत फिर बढ़ने लगी है। जेसीबी और क्रेन जैसे भारी वाहन इधर से उधर होने के कारण सड़कों पर ट्रैफिक फंसने से यह दिक्कत और बढ़ी है। शुक्रवार को क्रॉसिंग खुली होने के बावजूद लोग यहां काफी देर तक जाम से जूझते रहे।
विज्ञापन

लालफाटक ओवरब्रिज का क्रॉसिंग के ऊपर का हिस्सा बना रहे रेलवे का काम काफी धीमी रफ्तार से चल रहा है जिसका खामियाजा इधर से गुजरने वालों को भुगतना पड़ रहा है। रेलवे को यहां पांच पिलर खड़े करके उसके ऊपर पुल का निर्माण करना है कि लेकिन एक साल से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी ये पिलर तैयार नहीं हो पाए हैं। इसका असर क्रॉसिंग से गुजरने वाले ट्रैफिक पर पड़ रहा है और जाम की दिक्कत लगातार बढ़ती जा रही है। बता दें कि अब तक यहां एक भी पिलर का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। सिर्फ दो पिलर के बेस तैयार हुए हैं। बाकी पिलर के बेस तैयार करने के लिए खोदाई चल रही है। सड़क पर भारी मशीनों की आवाजाही के कारण शुक्रवार को क्रॉसिंग खुली होने के बाद भी लालफाटक पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

बता दें कि ओवरब्रिज के निर्माण की रफ्तार पहले से काफी सुस्त है। 84 करोड़ की लागत से 2016 में मंजूरी मिलने के बाद चार लेन के ओवरब्रिज का बदायूं रोड की तरफ के हिस्से का निर्माण सेतु निगम करीब साल भर पहले ही पूरा कर चुका है। रेलवे की ढिलाई से यह काम काफी पिछड़ चुका है।

चौकी चौराहे से प्रभा टॉकीज के बीच ट्रैफिक फिर एक लेन पर

बरेली। चौकी चौराहे पर फि र एक बार जाम लगना शुरू हो गया है। दरअसल चौराहे से प्रभा टॉकीज के बीच सीवर लाइन डालने के बाद सड़क को मिट्टी से पाटकर बृहस्पतिवार को ही खोला गया था लेकिन मिट्टी धंसने से कई वाहन फंसे तो उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया। इसके बाद इस रोड पर दोनों तरफ का ट्रैफिक फिर एक ही लेन पर आ गया है।
दो दिन चौकी चौराहे पर राहत रहने के बाद अब फिर जाम लगना शुरू हो गया है। दरअसल चौकी चौराहे से प्रभा टॉकीज की ओर जाने वाली सड़क पर सीवर लाइन बिछाने के लिए गहरी खोदाई हो रही है। दो दिन पहले जल निगम ने प्रभा टॉकीज के पहले तक काम पूरा करने के बाद मिट्टी का भराव कर दिया था जिसके बाद फिर ट्रैफिक सड़क की दोनों लेन पर निकलना शुरू हो गया। दोनों लेन पर ट्रैफिक निकलने से चौकी चौराहे पर लोड कम हुआ तो जाम से कुछ राहत मिली लेकिन शुक्रवार को वाहनों ने फिर एक ही लेन पर निकलना शुरू किया तो यहां एक बार फिर जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद कंपनी बाग चौराहे पर भी जाम लगना शुरू हो गया।
दरअसल जिस सड़क पर मिट्टी का भराव कराया गया था वहां अभी न पत्थर डाला गया है न रोलिंग हुई है। इस वजह से सड़क पर जगह-जगह मिट्टी बैठ गई है और वाहन गीली मिट्टी में बैठने लगे हैं। जल निगम के एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि जल्द ही पत्थर डालकर रोलिंग करा दी जाएगी।

कालीबाड़ी में चैंबर बनाना भूले, अब पत्थर की रोलिंग के बाद फिर खोदाई

बरेली। श्यामगंज चौराहे से बरेली कॉलेज गेट तक की सड़क इस बात की जिंदा मिसाल बन गई है कि जल निगम बगैर कोई योजना बनाए किस हद तक मनमानी से काम कर रहा है। श्यामगंज से बरेली कॉलेज तक कुछ ही समय पहले सड़क बनाने को पत्थर डाले गए थे लेकिन अब सीवर लाइन का चैंबर बनाने के लिए सड़क पर फि र खोदाई शुरू कर दी गई है। अब यहां चेंबर बनाकर दोबारा रोलिंग की जाएगी।
जल निगम ने पूरे शहर का बुरा हाल कर दिया है। जिम्मेदार अफसर कोई एक्शन लेने को तैयार नहीं है और जनप्रतिनिधियों ने भी जल निगम को बेलगाम कहकर पल्ला झाड़ लिया है। लिहाजा लोगों के आगे मुसीबतें झेलने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। शुक्रवार को कालीबाड़ी में चैंबर बनाने के लिए जल निगम ने अचानक एक बार फिर खोदाई शुरू कर दी। इसकी वजह से यहां जाम भी लग गया। कुछ दिन पहले ही यहां सड़क बनाने के लिए पत्थर डालकर रोलिंग कर दी गई थी। इससे पहले जल निगम को चैंबर बनाने का ख्याल ही नहीं आया। रोलिंग का काम पूरा होने के बाद जल निगम ने दोबारा खोदाई कर फिर लोगों की मुसीबत बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि चैंबर तैयार करने में कई दिन लगेंगे जिसके बाद यहां दोबारा पत्थर डालकर रोलिंग की जाएगी। इससे करीब एक सप्ताह तक फिर यहां जाम की दिक्कत रहने का अंदेशा है। जल निगम के एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि कालीबाड़ी में चैंबर बनना था लेकिन लोगों को दिक्कत न हो इसलिए रोलिंग करा दी गई थी। अब एक तरफ ट्रैफिक चलता रहेगा और वहां चैंबर तैयार हो जाएगा।

डेलापीर रोड: सड़क चौड़ी करने से पहले अवैध कब्जे तो हटाइए

बरेली। ईंट पजाया से डेलापीर तक जिस सड़क को नगर निगम ने आदर्श बनाने की योजना बनाई है, उस पर शुरू से आखिर तक बेशुमार अवैध कब्जे हैं। ज्यादातर जगह फुटपाथ तो पूरी तरह खत्म ही हो चुका है, कई जगह अतिक्रमणकारियों ने सड़क भी नहीं छोड़ी है। यह साफ है कि इस सड़क से अवैध कब्जे हटाना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती साबित होगी।

ईंट पजाया चौराहे का फुटपाथ कब्जों में गायब, सड़क को भी नहीं छोड़ा

नगर निगम की योजना ईंट पजाया चौराहे के सुंदरीकरण की है। वैसे तो यहां करीब 15 फु ट तक चौड़ा फुटपाथ बना हुआ है लेकिन कबाड़ियों ने सिर्फ फुटपाथ ही नहीं बल्कि सड़क पर भी कब्जा कर रखा है। पीछे की ओर रेलवे की दीवार पर भी टिन शेड डालकर स्थायी तौर पर कब्जे कर लिए हैं। इस अवैध कब्जे की वजह से श्यामगंज पुल से उतरने वाले वाहनों के साथ नीचे की ओर से आने वाले वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।

संजयनगर मोड़ के आसपास सेल्फी प्वाइंट की आड़ में हैं कई कब्जे

संजयनगर मोड़ से सेल्फी प्वाइंट तक सड़क के दोनों हिस्सों पर अतिक्रमणकारी काबिज हैं। सेल्फी प्वाइंट की आड़ में रेत-बजरी का अवैध कारोबार हो रहा है, इसके साथ यहां खड़े होने वाले डंपर भी यातायात को अवरुद्ध करते हैं। कुछ समय से सवारी भरने के लिए टेंपो भी सेल्फी प्वाइंट की आड़ में खड़े होने लगे हैं। इस कारण संजयनगर मोड़ पर अब रोज जाम लगने लगा है।

डेलापीर चौराहे के आसपास सड़क पर चल रही हैं हार्डवेयर की दुकानें

यहां चौराहे से पहले ही हार्डवेयर दुकानदारों ने फुटपाथ के अलावा सड़क तक कब्जे कर रखे हैं। सड़क पर पाइप और टंकी रख ली गई हैं। इससे आगे चौराहे पर रेत बजरी वालों ने कब्जा कर लिया है। लगभग पूरा चौराहा अतिक्रमण की चपेट में है। चौराहे से पहले डीडीपुरम की तरफ जाने वाली सड़क भी संकरी हो गई है।

सड़क को चौड़ा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इस पर क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले बिजली के खंभों को हटाकर लाइनों को भूमिगत करने का काम शुरू किया जाएगा। - उमेश गौतम, मेयर

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed