Independence Day 2026: बरेली में हजारों लोगों ने एक साथ किया राष्ट्रगान, एकता और अखंडता का दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बरेली शहर 52 सेकंड के लिए थम गया। अमर उजाला के अभिनव अभियान 'मां तुझे प्रणाम' के तहत हजारों लोगों ने सुबह ठीक 10 बजे सामूहिक राष्ट्रगान किया। पूरा शहर देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ पर अमर उजाला के अभिनव अभियान 'मां तुझे प्रणाम' के तहत शनिवार को बरेली में सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। सुबह ठीक दस बजे नगर निगम के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर सायरन गूंजा तो जो जहां था, वहीं ठहर गया। 52 सेकंड के लिए पूरा शहर थम गया। अमर उजाला की इस मुहिम से जुड़कर हजारों लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान किया। इसके बाद मां भारती के जयकारे गूंजे तो पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
धर्मगुरुओं ने देश की एकता, अखंडता, सौहार्द और देशभक्ति का संदेश दिया। वहीं सभी जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर कलाकारों ने देशभक्ति के गीत गाए तो हर कोई देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। अमर उजाला के इस कार्यक्रम में व्यापारी, उद्यमी, अफसर, जनप्रतिनिधि, इनरव्हील, रोटरी क्लब, विभागीय कर्मचारी और सामाजिक संगठन समेत अन्य संगठन भी शामिल हुए।
यहां गूंजा राष्ट्रगान
मलूकपुर चौकी, बरेली कॉलेज गेट, गांधी उद्यान, पुराना बस अड्डा, बिहारीपुर पुलिस चौकी, कोहाड़ापीर तिराहा, सेटेलाइट बस अड्डा, कोर्ट गेट, वीरांगना चौक, कारगिल चौक, किला क्रॉसिंग, धर्मकांटा, गणेश नगर, श्यामगंज चौराहा, नगर निगम, सिटी सब्जी मंडी, अलखनाथ मंदिर, ईंट पजाया चौराहा, शील चौराहा, सेलेक्शन प्वाइंट चौराहा, डेलापीर तिराहा, सौ फुटा रोड, कुतुबखाना चौक, कलक्ट्रेट चौराहा समेत जगहों पर राष्ट्रगान गूंजा। हजारों लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान गाया और एकता का संदेश दिया।