Bareilly: मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में फंदे से लटका मिला आईसीयू इंचार्ज का शव, तनाव के चलते की आत्महत्या
संभल का रहने वाला युवक मेडिकल कॉलेज में आईसीयू इंचार्ज था। परिजनों ने बताया कि युवक तनाव में था। वहीं मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि वह नशे का आदी था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में स्थित मेडिकल कॉलेज के आईसीयू इंचार्ज का शव शुक्रवार को परिसर में ही बने आवास में फंदे पर लटका मिला। कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।
संभल जिले के थाना गुन्नौर के गांव फरीदपुर निवासी 26 वर्षीय मुनीश यादव मेडिकल कॉलेज में 2021 से नौकरी कर रहे थे। वह मेडिकल कॉलेज में बने हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहते थे। शुक्रवार को वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। दोपहर में इमरजेंसी में जरूरत पड़ने पर महिला कर्मचारी ने कॉल की।
फोन रिसीव नहीं होने पर एक अन्य कर्मचारी को साथ लेकर वह मुनीश के कमरे पर पहुंचीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने के बाद भी गेट न खुलने पर उन्होंने खिड़की से झांककर अंदर देखा। फंदे के सहारे शव लटका देख उनकी चीख निकल गई।
कर्मचारियों ने नीचे उतारा शव
उन्होंने मेडिकल कॉलेज के मैनेजर श्याम गंगवार को घटना की जानकारी दी। जानकारी पर बड़ी संख्या में कर्मचारी कमरे के बाहर इकठ्ठा हो गए। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के निर्देश पर कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा। सीओ हर्ष मोदी और थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो एक मोबाइल और शराब की बोतल बरामद हुई। परिजनों को सूचना दी गई। देर शाम परिजन बरेली पहुंचे।
परिवार ने तनाव बताया, प्रबंधन ने बताया नशे का आदी
मृतक के घरवालों ने बताया कि मनीष यादव का विवाह दो साल पहले हुआ था और वह लगभग तीन साल से मेडिकल कॉलेज में आईसीयू इंचार्ज के पद पर तैनात था। उसकी पत्नी के कोई बच्चा नहीं था। वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। तनाव की वजह उन्हें फिलहाल नहीं पता है। यह काम से जुड़ी भी हो सकती है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजश्री मेडिकल कॉलेज के एमएस अर्जुन सिंह ने बताया कि मुनीश शराब पीने का आदी था। आत्महत्या क्यों की, इसका पता लगाया जा रहा है।