Bareilly News: पति ने पहले दिया तीन तलाक... फिर भाई से हलाला करने को पत्नी पर बनाया दबाव
बरेली में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने पत्नी को घर से निकाल दिया। इसके बाद तीन तलाक बोलकर उससे रिश्ता तोड़ लिया। अब दोबारा साथ रखने के लिए अपने भाई से हलाला करने के लिए पत्नी पर दबाव बना रहा है।
विस्तार
बरेली में तीन तलाक का मामला सामने आया है। युवक ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अपनी पत्नी को रिश्तेदारों के सामने तीन तलाक दे दिया। बाद में दोबारा साथ रखने के लिए बड़े भाई से हलाला करने के लिए पत्नी पर दबाव बनाने लगा। पीड़ित पत्नी की ओर से इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अभयपुर निवासी महिला की शादी इज्जतनगर थाने के एक गांव में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति, जेठ और जेठानी दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने लगे। तीन लाख रुपये दहेज में मांगने लगे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने तेजाब डालने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: एसएसपी ने जिले के सात थानों में तैनात किए नए थानेदार, 13 इंस्पेक्टर हुए रिलीव
रिश्तेदारों के सामने दिया तीन तलाक
विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति ने उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। एक दिन पति ने वहां जाकर रिश्तेदारों के सामने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद पति अपनी पत्नी को रखने से पहले बड़े भाई से हलाला करने का दबाव बनाने लगा।
आरोपी पति पत्नी को तमंचे के फोटो भेजकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पत्नी ने पति के साथ रहने से इनकार किया है। उसने निकाह में दिया गया अपना सामान वापस दिलवाने की मांग की है। एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।