फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Holi arrangements .. dust-mud and jam

होली के इंतजाम.. धूल-कीचड़ और जाम

Thu, 25 Mar 2021 01:10 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Thu, 25 Mar 2021 01:10 AM IST
विज्ञापन
Holi arrangements .. dust-mud and jam
खोदाई से खुर्रम गौटिया पर फटी गैस पाइप लाइन ठीक करते श्रमिक। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

रंगों के त्योहार पर बाजार में उमड़ी भीड़ को झेलनी पड़ रही हैं भारी दिक्कतें, होली के दिन मुश्किलें और बढ़ने की आशंका

विज्ञापन
बरेली। किसी भी त्योहार पर प्रशासन की ओर से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को खासतौर पर दुरुस्त किया जाता है लेकिन इस बार होली पर खुदे पड़े शहर में ऐसा कोई इंतजाम करना मुमकिन ही नहीं है। हर तरफ धूल और कीचड़ है, रही-सही कसर जाम पूरी कर रहा है। हालात इतने ज्यादा बदतर हैं कि लोग बाजारों में खरीदारी तक नहीं कर पा रहे हैं।
सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों पर खोदाई करीब दो सालों से शहरवासियों की परीक्षा ले रही है। जल निगम के काम की रफ्तार काफी सुस्त होने की वजह से दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। चूंकि सबसे ज्यादा खोदाई शहर के मुख्य इलाकों में की गई है लिहाजा इसका सीधा असर बाजार और कारोबार पर पड़ रहा है। करीब महीने भर से गर्मी बढ़ने से मुश्किलें और बढ़ी हैं। तेज धूप और हवाओं से सड़कों पर पड़ी मिट्टी से पूरे शहर में धूल के गुबार उड़ रहे हैं। बाजार में बैठे कारोबारियों के साथ होली पर खरीदारी के लिए निकलने वालों को धूल फांकनी पड़ रही है।
विज्ञापन

चौपुला पर फ्लाईओवर और लाल फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण की वजह से लोगों को जाम झेलना पड़ रहा है। चौकी चौराहे से बियाबानी कोठी के बीच हाल ही में खोदाई के बाद सड़क जस की तस पड़ी हुई है। जाम के साथ इस रोड पर धूल और कीचड़ भी लोगों की मुश्किल बढ़ा रहे हैं। खुर्रम गौंटिया से ईसाईयों की पुलिया के बीच अब भी खोदाई चल रही है। पूरा ट्रैफिक बियावानी चौराहे से मालियों की पुलिया वाले रास्ते पर निकल रहा है लिहाजा इस रास्ते पर पर भी जाम में फंसे बगैर आगे बढ़ना मुश्किल है। कई रास्तों के बंद होने से बाकी रास्तों पर भीड़भाड़ बढ़ी है, इसकी वजह से उन पर भी जाम लग रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विकास भवन रोड भी महीने भर से जाम से जूझ रहा है। दिन भर इस रोड पर वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। बरेली कॉलेज के सामने नाले के निर्माण की धीमी रफ्तार लोगों की मुश्किल बढ़ा रही है। बरेली कॉलेज चौराहे से नगर निगम कार्यालय तक सड़क की एक लेन पर खोदाई से निकली मिट्टी के ढेर लगे हैं। बरेली कॉलेज के सामने से पुराने बस अड्डे की ओर जाने वाले रास्ते पर मिट्टी पड़ी होने से ट्रैफिक बमुश्किल निकल पा रहा है। इससे श्यामगंज तक जाम के हालात बन रहे हैं। पटेल चौक पर सीवर लाइन बिछाने में हो रही देरी से नावल्टी चौराहा और जिला अस्पताल रोड पर भी जाम लगने लगा है।

राम बरात के रास्ते में भी इस बार कई रोड़े

होली चार दिन बाद है और इससे एक दिन पहले पूर्णिमा पर राम बरात निकलनी है। रामबरात के कई रूट तो हाल ही में दुरुस्त कर दिए गए हैं लेकिन यह कहना मुश्किल है कि कुतुबखाना से भी राम बरात सहजता से निकल पाएगी। दरअसल अस्पताल रोड पर भी इन दिनों ट्रैफिक बढ़ा हुआ है लिहाजा यहां राम बरात के जाम में फंसने का अंदेशा है। बरेली कालेज के सामने नाला निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से यहां भी रास्ता संकरा और ऊबड़-खाबड़ है लिहाजा राम बरात में शामिल हजारों हुरियारों को यहां भी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। श्यामगंज फ्लाईओवर के नीचे भी सड़क कई जगह उखड़ी हुई है।

जो रास्ते खुले छोड़े, उन पर भी कई विघ्न-बाधाएं

सेटेलाइट चौराहे से कंपनी बाग जाने के लिए घोड़ा बटालियन रोड से निकल सकते हैं। ईसाईयों की पुलिया से बियावानी चौराहे के बीच खुर्रम गौटिया पर चल रही खोदाई की वजह से रास्ता बंद है। बिहारीपुर चौकी की ओर से चौपुला की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है। लिहाजा कार जैसे वाहन लेकर चौपुला की तरफ जाने के लिए चौकी चौराहे से पुलिस लाइन के सामने होते हुए गुजरने वाला एकमात्र रास्ता है। पटेल चौक पर खोदाई हो रही है जहां एक लेन खुली छोड़ी गई है। यहां जाम लग रहा है लेकिन यातायात इधर से ही गुजर रहा है। किला रोड पर भी एक लेन पर खोदाई का काम हो रहा है लेकिन दूसरी लेन पर यातायात चल रहा है।

अब खोदाई से खुर्रम गौटिया पर फटी गैस पाइप लाइन

बरेली। सीवर लाइन बिछाने के लिए अब कई दिनों से खुर्रम गौटिया रोड पर खोदाई चल रही है। बुधवार को यहां खोदाई के दौरान जेसीबी का पंजा लगने से गैस लाइन फट गई। इससे हड़कंप मच गया। सीयूजीएल के अधिकारियों को सूचना दी गई। पाइप लाइन की मरम्मत के बाद दोबारा काम शुरू किया गया।
खुर्रम गौंटिया रोड पर खोदाई अब राम वाटिका के गेट के सामने तक पहुंच गई है। बुधवार को खोदाई के दौरान दोपहर करीब तीन बजे यहां अचानक गैस की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे मजदूरों में हड़कंप मच गया। जल निगम के ठेकेदार ने सीयूजीएल लाइन के अधिकारियों को सूचना दी तो सप्लाई बंद की गई। जल निगम के एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि गैस पाइप लाइन की मरम्मत कराकर दोबारा काम शुरू कर दिया गया है।

बता दें कि 19 मार्च को ही सीयूजीएल ने नगर निगम को पत्र लिखकर खोदाई की वजह से लगातार हो रहे नुकसान की भरपाई करने की मांग की थी। सीयूजीएल के मुताबिक 11 मार्च को पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कंपनी को 30827 रुपये का नुकसान हुआ जबकि 13 मार्च को 81359 रुपये की क्षति हुई। इससे पहले एक दिसंबर 2020 को 1.82 लाख और चार नवंबर को 5.21 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed