UP: जुमा अलविदा, ईद और नवरात्र से पहले बरेली जोन में हाई अलर्ट, एडीजी ने विशेष निगरानी के दिए निर्देश
जुमा अलविदा, ईद और नवरात्र को लेकर बरेली जोन में हाई अलर्ट जारी किया गया है। एडीजी ने नेपाल बॉर्डर और मिश्रित आबादी वाले इलाकों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
जुमा अलविदा, ईद व नवरात्र से पहले बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रमित शर्मा ने शुक्रवार को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उन्होंने नौ जिलों के सभी पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने व विवेचकों को स्मार्टफोन वितरण संबंधी निर्देश दिए गए।
एडीजी ने कहा कि अवैध वाहनों और टैक्सी स्टैंड को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा (नेपाल बॉर्डर) से सटे इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी।
एडीजी ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष गश्त लगाई जाए। रंजिशन हत्या और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। गंभीर अपराधों जैसे हत्या, लूट और डकैती की घटनाओं पर वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस भर्ती और प्रशिक्षण पर जोर
एडीजी ने बताया कि बरेली जोन में कुल 7,461 नए आरक्षियों की भर्ती हुई है, उनका प्रशिक्षण जल्द शुरू होगा। इनमें 5,968 पुरुष आरक्षी और 1493 महिला आरक्षी शामिल हैं। बरेली जिले में 1473, बदायूं में 1219, पीलीभीत में 657, शाहजहांपुर में 1062, संभल में 710, बिजनौर में 1181, अमरोहा में 286, मुरादाबाद में 514 और रामपुर में 359 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।