Ram Mandir: रामलला के दर्शन होंगे आसान, अयोध्या के लिए इस शहर से होते हुए गुजरेंगी पांच जोड़ी ट्रेनें
बरेली होते हुए अयोध्या के लिए उत्तर रेलवे की पांच जोड़ी ट्रेनों के संचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। पहली अयोध्या स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 जनवरी से शुरू होने की उम्मीद है।
विस्तार
22 जनवरी को राम मंदिर उद्घाटन के बाद रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को अयोध्या आवागमन की समस्या नहीं होगी। बरेली होते हुए अयोध्या के लिए उत्तर रेलवे की पांच जोड़ी ट्रेनों के संचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। पहली अयोध्या स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 जनवरी से देहरादून-अयोध्या के बीच शुरू होने की उम्मीद है।
राम मंदिर उद्घाटन और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे देश के कोने-कोने से अयोध्या के लिए ट्रेनें चलाएगा। हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू की जाने आने वाली पांच जोड़ी ट्रेनों का बरेली होते हुए अयोध्या के लिए आवागमन होगा।
सर्वे लगभग पूरा हो गया है। रेलवे अब समयसारिणी बनाने का काम कर रहा है। उत्तर रेलवे की देहरादून-अयोध्या स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 जनवरी से शुरू होने की उम्मीद है। यह ट्रेन दोपहर 2:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह पांच बजे अयोध्या पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें- इश्क को मिला मुकाम: कोर्ट में बयान देकर आकाश की हुई इफरा, हिंदू धर्म में बताई आस्था; जानिए पूरा मामला
कुछ ट्रेनों को अलीगढ़-चंदौसी-बरेली-सीतापुर और कुछ को शाहजहांपुर से हरदोई होते हुए चलाया लाएगा। जनवरी के दूसरे सप्ताह में अयोध्या स्पेशल सभी पांच जोड़ी ट्रेनों की समयसारिणी जारी होने की उम्मीद है। इधर, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल भी गुजरात, राजस्थान की ओर से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर विचार कर रहा है।
जयपुर जाने वाली दो जोड़ी ट्रेनें निरस्त, बढ़ेगी परेशानी
नए साल की शुरुआत में बरेली-जयपुर के बीच ट्रेनों का सफर मुश्किल होगा। बरेली से जयपुर, अजमेर होते हुए भुज, इंदौर, किशनगंज, अहमदाबाद के बीच चलने वाली चार ट्रेनों को रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में निरस्त कर दिया है। दूसरी ओर 28 दिसंबर से चार जनवरी तक चार अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। इस दौरान बरेली से जयपुर, अजमेर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को समस्या होगी।
प्रत्येक सोमवार और बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को चलने वाली 14321 बरेली-भुज एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रही। यह ट्रेन बुधवार 27 दिसंबर को भी निरस्त रहेगी। इसी तरह सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलने वाली 14322 भुज-बरेली एक्सप्रेस 29 दिसंबर को निरस्त रहेगी। वहीं 15716 अजमेर-किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस चार और आठ जनवरी को निरस्त रहेगी जबकि 15715 किशनगंज-अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस 30 दिसंबर और एक व तीन जनवरी को नहीं चलेगी।
इसके अलावा सोमवार को 14650 अमृतसर-जयनगर सरयू-यमुना एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। अमृतसर से चलने वाली यह ट्रेन मंगलवार 26 दिसंबर को बरेली नहीं आएगी।
पांच ट्रेनों का संचालन बदले रूट से होगा
वहीं कई स्थानों पर उच्चीकरण कार्यों के चलते 15097 भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 28 दिसंबर से चार जनवरी तक मुजफ्फरपुर-छपरा ग्रामीण-गोरखपुर के स्थान पर मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज-पनियहवा-गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी। 12491 बरौनी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 15531 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस 31 दिसंबर और 15651 गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस एक जनवरी को मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज-पनियहवा-गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी।
तीन जोड़ी गाड़ियों में 30 जनवरी तक सीट नहीं
अहमदाबाद-सुल्तानपुर के बीच प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार को चलने वाली 20939/20940 सुल्तानपुर एक्सप्रेस में 30 जनवरी तक किसी भी श्रेणी में कंफर्म टिकट नहीं है। स्लीपर से लेकर एसी तक की तीनों श्रेणियों में वेटिंग 20 से 70 तक पहुंच गई है। सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार शनिवार को चलने वाली 19270/19269 पोरबंदर एक्सप्रेस, मंगलवार और शनिवार को चलने वाली 19602/19601 उदयपुर एक्सप्रेस में भी कंफर्म टिकट नहीं है।