UP News: बरेली में सितारगंज चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट, यह है मामला
यूपी उत्तराखंड बॉर्डर पर गन्ना समिति सचिव ने गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी। बहेड़ी क्षेत्र की चीनी मिल का गन्ना अवैध तरीके से उत्तराखंड की सितारगंज चीनी मिल को जा रहा था। इस मामले में गन्ना समिति सचिव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बरेली जिले का गन्ना अवैध तरीके से सितारगंज (उत्तराखंड) की ओर ले जाने के आरोप में मंगलवार को बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बहेड़ी स्थित सहकारी गन्ना समिति के प्रभारी सचिव राजीव सेठ ने सितारगंज स्थित जेपीएन शुगर बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रधान प्रबंधक अमर शर्मा, अध्यासी राज भंडारी व बहेड़ी के मंडनपुर निवासी अंकुर शर्मा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 व भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा तीन (5) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गन्ने का परिवहन रोकने के लिए सिरसा, शेरगढ़, नदेली चौराहा और नानकपुर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इससे पता चल सकेगा कि किस नंबर के वाहन से कहां गन्ना भेजा गया। वाहन संख्या के हिसाब से पर्ची से मिलान किया जाएगा। मिलान नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। कैमरों के साथ कर्मचारी भी लगाए गए हैं। समितियों के सचिव भी इसकी निगरानी करेंगे और अधिकारियों को बताएंगे।