बम की तरह फटे ट्रांसफार्मर में आग लगी, बड़ा हादसा बचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार शाम सवा आठ बजे प्राचीन शिवमंदिर परिसर के पास 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जोरदार आवाज के साथ अचानक फट गया। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें निकलने लगी। ट्रांसफार्मर के पास ही दो ऑटो रिक्शा खड़े हुए थे। एक ऑटो से सवारियां उतर रही थीं। ट्रांसफार्मर से निकली लपटों की चपेट में पहले यही ऑटो आया। उसमें बैठी सवारियों में भगदड़ मच गई। इसके बाद आग ने पास खड़े एक ठेले और फिर दूसरे ऑटो रिक्शा को भी चपेट में ले लिया। बाजार में इस दौरान काफी भीड़भाड़ थी। ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग देखकर दहशतजदा हुए आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और बाहर खड़े हो गए।
लोगों ने सीबीगंज उपकेंद्र पर फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। इस पर लोग खुद ही उपकेंद्र पहुंच गए। यहां लोगों ने यह कहते हुए हंगामा खड़ा कर दिया कि उपकेंद्र का फोन खराब पड़ा था और यहां मौजूद दो लाइनमैन कर्मी नशे में धुत थे। ट्रांसफार्मर काफी देर जलता रहा। सूचना पर अग्निशमन दल पहुंचा लेकिन आग की लपटें काफी हद तक शांत हो चुकी थीं। मौके पर बिजली विभाग का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा जिससे लोगों में गुस्सा दिखा। ट्रांसफार्मर जलने से गुल हुई सीबीगंज की बिजली देर रात आई, मगर कुछ ही इलाकों में। अधिशासी अभियंता पीए मोगा ने बताया कि ट्रांसफार्मर के फटने और उसमें आग लगने की घटना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर फटने से ठप हुई बिजली की सप्लाई चालू करा दी गई है।
इंस्पेक्टर का बयान
ट्रांसफार्मर खुद ही जल गया। उसके पास में खड़े जिन लोगों के ऑटो रिक्शा जले हैं, अगर वे मुकदमा लिखाने आएगा तो इत्तफाकन हुए इस हादसे का मुकदमा लिख लिया जाएगा। हाईवे पर इस घटना के दौरान जाम नहीं लगा। मौके पर तमाशबीनों की भीड़ की वजह से यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो गया था। -देवेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक सीबीगंज